यूपी को हरा-भरा करने में जुटी योगी सरकार, एक दिन में रोपे गये 25 करोड़ पौधे

लखनऊ. उत्तर प्रदेश ने रविवार को एक बार फिर रिकाॅर्ड कायम किया। वन महोत्सव के तहत रविवार को उत्तर प्रदेश में इतिहास रचते हुए एक दिन में 30 करोड पौधे लगाए गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुल्तानपुर में पौधरोपण किया और राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने झांसी में पौधरोपण के कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने सिमरधा डैम पर स्मृति वाटिका की स्थापना की। उन्होंने कहा कि कोरोना ने हमें बता दिया कि ऑक्सीजन का क्या महत्व है। इसलिये लोगों को संकल्प करके एक साल में एक पीपल का पेड़ अवश्य लगाना चाहिये। उधर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पौधा लगाने से पहले मुख्यमंत्री ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 100 साल पुराने एक वृक्ष की पूजा अर्चना की। उन्होंने इस मौके पर हर ग्राम पंचायत में औषधिय वृक्षों वाली एक औषधि वाटिका बनाने का ऐलान भी किया। पौधरोपण के साथ ही यूपी में 2017 से लेकर अब तक करीब 100 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। फाॅरेस्ट सर्वे ऑफ इंडिया की रिपोर्ट की मानें तो उत्तरप्रदेश में वृक्षावरण राष्ट्रीय औसत 2.89 की अपेक्षा 3.05 प्रतिशत है। इतना ही नहीं योगी सरकार में प्रदेश में वनक्षेत्र में भी वृद्घि हुई है।


वन महोत्सव के तहत उत्तर प्रदेश में 30 करोड़ पौधे लगाए जाने के लिये सभी जिलों में पहले से निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पौघरोपण हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चिलचिलाती धूप में सुल्तानपुर पहुंचे। वहां उन्होंने पौधरोपण के बाद कहा कि हम लोग वन महोत्सव के अवसर पर वृक्षारोपण अभियान के साथ जुड़े हैं। आज के दिन हमने नौ करोड़ से अधिक वृक्षारोपण किया है। प्रदेश में आज पंचवटी, गृह वाटिका, नक्षत्र वाटिका और इस प्रकार के अनेक कार्यक्रम हो रहे हैं। मुख्यमंत्री के पौधरोपण के साथ ही यूपी में ‘वन है तो कल है’ वृक्षारोपण जन आंदोलन-2021 के अंतर्गत वन विभाग के तत्वावधान में प्लांटेशन ड्राइव की शुरूआत हो गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत पांच वर्ष में हमारी सरकार ने जो वृक्षारोण का वृहद कार्यक्रम आगे बढ़ाया है उसमें 100 करोड़वां भाग भी आज लगाया जा रहा है।


सभी जिलों में जमकर पौधरोपण किया गया। न्याय पंचायत स्तर तक पर नोडल अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। सुबह से ही सभी को भ्रमण कर पौधरोपण की निगरानी और सूचना कलेक्ट करने की जिम्मेदारी तय की गई थी। वन विभाग के अनुसार दोपहर एक बजे तक ही 13 करोड़ पौधे लगा दिये गए थे। देर शाम तक करीब 25 करोड़ पौधे रोपे गए। वन सप्ताह के तहत एक जुलाई से शुरु हुए वन महोत्सव के कार्यक्रम के तहत सात जुलाई तक प्रदेश के हर जनपद में, हर ग्राम पंचायत में पौण रोपण का यह कार्यक्रम चलेगा।


बताते चलें कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 से लगातार अब तक पांच बार वृहद् पौधरोपण का आयोजन किया है। इस दौरान 2017 से लेकर अब तक उत्तर प्रदेश में 100 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। इसी का परिणाम है कि यूपी में वनावरण में 127 किलोमीटर की वृद्घि हुई है। इसका जिक्र फाॅरेस्ट सर्वे ऑफ इंडिया की साल 2019 की रिपोर्ट में भी है। इसके अलावा रिपोर्ट के अनुसार यूपी में वृक्षावरण का औसत भी बेहद अधिक है। सूबे के अपर सचिव अवनीश अवस्थी के अनुसार योगी सरकार के कार्यकाल में 2017-18 में 5.71 करोड़, 2018- 19 में 11.77 करोड़, 2019-20 में 22.59 करोड़, 2020-21 में 25.87 करोड़ पौधे रोपे गए थे। इस बार 30 करोड़ से अधिक पौधे हैं। सबको मिलाकर अब तक यूपी में 100 करोड़ पौधे राेपे जा चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here