लालकुआं रेलवे स्टेशन: गार्ड कोच ढलान में खिसककर पटरी से उतरा, बड़ा हादसा टला

लालकुआं। रेलवे स्टेशन की पिट लाइन में शनिवार सुबह मरम्मत कार्य के दौरान एक बड़ी घटना होते-होते टल गई। मरम्मत के लिए खड़ा किया गया जनरेटर और गार्ड कोच अचानक बिना इंजन के ही ढलान की दिशा में खिसकने लगा और करीब 150 मीटर आगे जाकर पटरी से उतर गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार यह घटना सुबह लगभग 8:30 बजे की है, जब पिट लाइन में कोच की रिपेयरिंग का काम चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक कोच धीरे-धीरे ढलान की ओर बढ़ने लगा। यह देखते ही वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
कोच को रोकने के लिए रेल कर्मचारी उसके पीछे दौड़ पड़े और व्हील चाक लगाकर उसे थामने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक कोच रफ्तार पकड़ चुका था और उसे रोका नहीं जा सका।
ढलान में लुढ़कता हुआ कोच रनिंग रूम की दिशा में बढ़ते हुए लगभग डेढ़ सौ मीटर दूर टर्नआउट के पास जाकर पटरी से उतर गया। घटना की खबर मिलते ही रेलवे परिसर में हलचल मच गई और अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
इसके बाद प्रशिक्षित रेलवे कर्मियों की टीम ने कोच को फिर से पटरी पर चढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की। करीब चार घंटे तक चले प्रयास के बाद कोच को दोबारा ट्रैक पर लाने का काम किया गया।
इस संबंध में लालकुआं जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक पुष्कर राणा ने बताया कि पिट लाइन में कोच की मरम्मत के दौरान वह ढलान की ओर खिसककर पटरी से उतर गया था। हालांकि बाद में उसे दोबारा पटरी पर चढ़ाकर दुरुस्त कर दिया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.