उत्तराखंड में मानसून सक्रिय, देहरादून में 2 दिन भारी बारिश की चेतावनी

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता बढ़ते ही मौसम का मिजाज तेजी से बदल गया है। राजधानी देहरादून सहित आसपास के इलाकों में भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, देहरादून जिले में 1 और 2 जुलाई को कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस स्थिति को देखते हुए जिले में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
प्रशासन पूरी तरह सतर्क
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों और आपदा प्रबंधन इकाइयों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि जलभराव, भूस्खलन या अन्य आपदाओं पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने आम जनता और पर्यटकों से अपील की है कि वे इस अवधि में अत्यधिक सतर्क रहें। खासकर संवेदनशील और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
अधिकारियों ने कहा है कि अनावश्यक यात्रा से बचा जाए और नदी-नालों, बरसाती गधेरों या ढलान वाले इलाकों के आसपास जाने से पूरी तरह परहेज किया जाए।
आपदा की स्थिति में तुरंत सूचना दें
प्रशासन ने यह भी कहा है कि यदि कहीं जलभराव, सड़क अवरुद्ध होने, पेड़ गिरने या अन्य आपदा जैसी स्थिति उत्पन्न होती है, तो उसकी सूचना तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष को दी जाए, ताकि राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.