जालंधर में बीएसएफ मुख्यालय के बाहर स्कूटी में धमाका, इलाके में फैली दहशत

पंजाब के जालंधर में मंगलवार देर शाम बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) मुख्यालय के बाहर अचानक जोरदार धमाका होने से हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट इतना तीव्र था कि इसकी आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि धमाका एक स्कूटी में हुआ, जिससे वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूत्रों के मुताबिक, एक युवक बीएसएफ मुख्यालय के बाहर स्कूटी खड़ी कर अंदर पार्सल डिलीवरी देने गया था। इसी दौरान बाहर खड़ी स्कूटी में अचानक विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज सुनते ही सुरक्षा बलों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। कुछ ही देर में बीएसएफ के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया, जिसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंच गए। पूरे इलाके को घेरकर सील कर दिया गया है और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल जांच जारी है और किसी भी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी, लेकिन शुरुआती तौर पर मामले को गंभीरता से देखा जा रहा है।
इस घटना ने पंजाब में हाल के दिनों में हुई अन्य संदिग्ध वारदातों को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। कुछ दिन पहले चंडीगढ़ में एक राजनीतिक कार्यालय के बाहर धमाके की घटना सामने आई थी, वहीं पटियाला में शंभू रेलवे ट्रैक के पास हुए विस्फोट ने भी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया था। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल जांच एजेंसियां सभी मामलों को जोड़कर भी जांच कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या इन घटनाओं के पीछे कोई संगठित नेटवर्क या बड़ी साजिश सक्रिय है। अधिकारी अभी विस्तृत रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच का इंतजार कर रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.