मुझे बदनाम करने की साजिश, कथित वीडियो विवाद पर बोले CM भगवंत मान

चंडीगढ़। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उनके नाम से वायरल हो रहे कथित वीडियो को लेकर उठे विवाद पर कड़ा रुख अपनाते हुए इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा वीडियो फर्जी है और उन्हें जानबूझकर बदनाम करने के लिए तैयार किया गया है।
“मेरे नाम से फैलाया जा रहा वीडियो फर्जी है” – सीएम मान
मुख्यमंत्री मान ने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो में दिख रहा व्यक्ति वे नहीं हैं, बल्कि किसी ने उनके चेहरे जैसा मास्क पहनकर यह क्लिप तैयार की है। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह सुनियोजित साजिश है, जिसका उद्देश्य उनकी छवि को राजनीतिक और धार्मिक स्तर पर नुकसान पहुंचाना है।
मान ने यह भी कहा कि यदि अकाल तख्त साहिब उन्हें तलब करता है तो वे वहां पेश होने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक नाम लेवा संगत का जो भी निर्णय होगा, वह उन्हें स्वीकार होगा।
अकाल तख्त और एसजीपीसी पर सवाल
मुख्यमंत्री ने धार्मिक मामलों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अकाल तख्त से ऊपर कोई नहीं है। साथ ही उन्होंने एसजीपीसी की भूमिका पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि उनके खिलाफ एकतरफा माहौल बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गुरुद्वारों के बाहर उनके बहिष्कार के पोस्टर लगाए जा रहे हैं, जबकि अन्य राजनीतिक नेताओं के खिलाफ ऐसी कार्रवाई नहीं की जा रही, जो स्पष्ट दोहरे मापदंड को दर्शाता है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पेश किए “सबूत”
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ने कुछ तस्वीरें और वीडियो दिखाते हुए दावा किया कि वायरल क्लिप में मौजूद व्यक्ति और उनका चेहरा मेल नहीं खाता। उन्होंने अपने गर्दन पर पुराने ऑपरेशन के निशान का भी जिक्र किया और कहा कि वीडियो में दिख रहे व्यक्ति में ऐसा कोई निशान नहीं है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति मास्क पहने हुए है और उसकी असली पहचान छिपाई गई है। मुख्यमंत्री ने एक अन्य तस्वीर भी दिखाई, जिसमें एक व्यक्ति मास्क पकड़े नजर आता है। उन्होंने दावा किया कि यह व्यक्ति फिलहाल कनाडा में है और जिस स्थान की तस्वीरें वायरल हो रही हैं, वह किसी होटल जैसी जगह है।
“डायरेक्टर और प्रोड्यूसर का होगा खुलासा”
भगवंत मान ने कहा कि इस पूरे मामले के पीछे कौन लोग हैं, इसका जल्द खुलासा किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह एक तरह का ब्लैकमेलिंग नेटवर्क हो सकता है, जिसे राजनीतिक दबाव में तैयार किया गया है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पड़ोसी राज्य की पुलिस ने केंद्र के दबाव में गलत कार्रवाई की है।
विपक्ष पर तीखा हमला
सीएम मान ने कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल पर निशाना साधते हुए कहा कि ये दल भले ही मंचों पर अलग दिखते हों, लेकिन उनके खिलाफ एकजुट होकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की उपलब्धियों से विपक्ष परेशान है, इसलिए व्यक्तिगत हमलों का सहारा लिया जा रहा है।
पहले भी लगाए गए आरोप
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब उनकी छवि खराब करने की कोशिश हुई हो। उन्होंने याद दिलाया कि पिछले चुनावों के दौरान भी उन्हें बदनाम करने के प्रयास किए गए थे। अब एक बार फिर चुनाव नजदीक आने पर वही रणनीति अपनाई जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.