देवभूमि पहुंचे मुकेश अंबानी, बद्रीनाथ-केदारनाथ में की पूजा और किया 10 करोड़ का दान

देहरादून। देश के प्रमुख उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी शुक्रवार को देवभूमि उत्तराखंड पहुंचे। उन्होंने चार धामों में से दो प्रमुख धाम—केदारनाथ और बद्रीनाथ—में दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने पारंपरिक उत्तराखंडी टोपी भेंट कर उनका स्वागत किया।
अंबानी ने दोनों धामों के लिए कुल 10 करोड़ रुपये का दान देने की घोषणा की। मंदिर समिति के अनुसार, इस राशि का उपयोग मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं की सुविधाओं में विस्तार और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण कार्यों में किया जाएगा। इसके साथ ही अंबानी ने बद्रीनाथ में 100 कमरों वाले अतिथि गृह के निर्माण में सहयोग का आश्वासन भी दिया।
पूजा-अर्चना के बाद अंबानी ने मंदिर समिति के अध्यक्ष से बातचीत के दौरान चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में तीर्थयात्रियों के लिए उत्कृष्ट और सुव्यवस्थित प्रबंधन किया गया है, जो अन्य तीर्थस्थलों के लिए उदाहरण है। अंबानी ने बताया कि वे लगभग 20 वर्षों से उत्तराखंड आ रहे हैं, लेकिन इस बार की व्यवस्थाएं पहले से कहीं बेहतर और प्रभावशाली हैं।
उन्होंने कहा कि अगले दस वर्षों में तीर्थयात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावना है और इसके लिए राज्य सरकार की तैयारियां सराहनीय हैं। अंबानी ने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य में हो रहे विकास कार्यों की भी प्रशंसा की।
हाल में राज्य में हुई बादल फटने की घटनाओं पर उन्होंने गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि वह तथा रिलायंस फाउंडेशन हर संकट की घड़ी में उत्तराखंड के साथ खड़े रहेंगे। अंबानी ने यह भी आश्वासन दिया कि तीर्थस्थलों के संरक्षण और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए उनका समूह राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करता रहेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.