उत्तराखंड में राज्य स्थापना की रजत जयंती का जश्न शुरू, 11 दिन चलेगा उत्सव

देहरादून। उत्तराखंड राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में आज से रजत जयंती समारोहों की शुरुआत हो गई है। एक नवंबर से 11 नवंबर तक चलने वाले इन आयोजनों के तहत पूरे राज्य में सांस्कृतिक, सामाजिक और विकास से जुड़े कई कार्यक्रम होंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रमों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 3 नवंबर को विधानसभा के विशेष सत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का विशेष संबोधन होगा, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 नवंबर को देहरादून में होने वाले मुख्य समारोह में शामिल होंगे। पहले प्रधानमंत्री का कार्यक्रम 11 नवंबर को प्रस्तावित था, जिसे संशोधित कर अब 9 नवंबर कर दिया गया है।
11 दिनों तक राज्यभर में होंगे विविध आयोजन
-
1 नवंबर: सीएम आवास पर शाम को ईगास पर्व का आयोजन, इसके बाद गढ़ी कैंट सांस्कृतिक केंद्र में कॉमेडी फेस्ट।
-
2 नवंबर: पर्यटन विभाग द्वारा जौलीकॉंग-आदि कैलाश में अल्ट्रा मैराथन, शाम को कॉमेडी फेस्ट।
-
3 नवंबर: विधानसभा विशेष सत्र में राष्ट्रपति का अभिभाषण और गढ़ी कैंट में फेस्ट का समापन।
-
4 नवंबर: सत्र का दूसरा दिन, काशीपुर में नगर निकाय सम्मेलन और शाम का सांस्कृतिक कार्यक्रम।
-
5 नवंबर: दून विवि में प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन, हरिद्वार में खेल चैंपियनशिप और सांस्कृतिक संध्या।
-
6 नवंबर: हरिद्वार में संत सम्मेलन, दून में रोजगार मेला, परेड ग्राउंड में युवा महोत्सव और पूर्व सैनिक सम्मेलन।
-
7 नवंबर: पंतनगर में कृषक सम्मेलन, शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम।
-
8 नवंबर: राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान समारोह, हल्द्वानी में महिला सम्मेलन।
-
9 नवंबर: पुलिस लाइन में रैतिक परेड और शाम को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम।
-
10 नवंबर: शीतकालीन पर्यटन सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम।
-
11 नवंबर: एफआरआई में राज्य स्थापना रजत जयंती का मुख्य समारोह और शाम का समापन कार्यक्रम।
विधानसभा का विशेष सत्र 3-4 नवंबर को
राज्य निर्माण के 25 वर्षों की विकास यात्रा और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा के लिए 3 और 4 नवंबर को विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित होगा। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सदन को संबोधित करेंगी। मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि यह सत्र उत्तराखंड के विकास की दिशा और आगे की रणनीति तय करने में महत्वपूर्ण साबित होगा।
प्रधानमंत्री मोदी 9 नवंबर को होंगे मुख्य आकर्षण
मुख्य समारोह 9 नवंबर को देहरादून स्थित वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) में होगा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य की उपलब्धियों और भविष्य की दिशा पर संबोधित करेंगे। मुख्य सचिवालय से मिली जानकारी के अनुसार, सभी जिलों में भी राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के सचिव विनय शंकर पांडे ने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
यह रजत जयंती वर्ष न केवल उत्तराखंड की 25 साल की विकास यात्रा का उत्सव है, बल्कि आने वाले वर्षों के लिए नई दिशा तय करने का अवसर भी माना जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.