बसपा-सपा के कारनामे जनविरोधी, भाजपा लाएगी 300 से अधिक सीटें: शाह

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तय कार्यक्रम से करीब एक घंटे देरी से कासगंज पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन में बनाए गए हेलीपैड पर उतरा। यहां उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने केंद्रीय गृहमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद वह कार्यक्रम स्थल पहुंचे। अमित शाह ने भारत माता के जयकारे से संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र भाजपा का गढ़ था, है और रहेगा। विधानसभा चुनाव में जीत का दावा करते हुए नारा दिया कि इस बार भाजपा 300 पार।
अमित शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को याद करते हुए कहा कि बाबूजी ने पहली बार उत्तर प्रदेश में सुशासन की बात कही थी। पहली बार उत्तर प्रदेश में पिछड़ों की बात की थी, पहली बार पिछड़ा समाज को अधिकार देने का काम महान कल्याण सिंह ने किया था। यही कल्याण सिंह जी थे, जब समय आया राम जन्मभूमि पर मंदिर बने या कुर्सी जाए तब उन्होंने दो मिनट में कुर्सी को ठुकराकर प्रभु श्रीराम के मंदिर का रास्ता साफ कर दिया था।

अखिलेश-मायावती पर निशाना
केंद्रीय गृहमंत्री ने अखिलेश यादव और मायावती पर निशाना साधते हुए कहा कि यूपी में बुआ-बबुआ ने सरकारें चलाईं। क्या ये सभी का विकास कर पाईं? वो नहीं कर सकते, ये जातिवादी पार्टियां हैं परिवारवादी पार्टियां हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहले कानून व्यवस्था की परिस्थिति इतनी खराब हो गई थी कि लोग अपनी बच्चियों को स्कूल-कॉलेज भेजने से कतराते थे। पांच साल के अंदर ही योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सारे गुंडे उत्तर प्रदेश से पलायन कर गए।

‘पहले दंगे होते थे, आज विकास हो रहा है’
केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि जिस प्रदेश में पहले दंगे होते थे, आज उसी उत्तर प्रदेश में यूनिवर्सिटी, मेडिकल कॉलेज, हवाई अड्डे बन रह हैं। उद्योगों का जाल बिछ गया है और प्रदेश गुंडाराज से मुक्त हो गया है। पहले हर जिले में एक बाहुबली होता था, आज हर जिले में एक उत्पाद है। पहले हर जिले में एक स्कैम होता था, आज हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज है।

उपमुख्यमंत्री बोले- 60 फीसदी वोट हमारा
केंद्रीय गृहमंत्री से पहले यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनसभा को संबोधित किया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली बार 51 प्रतिशत वोट मिले थे। इस बार 100 में 60 फीसदी वोट हमारा है। 40 फीसदी में बंटवारा है। उसमें भी हमारा है। इससे पूर्व एटा के सांसद राजवीर सिंह ने देवी प्रतिमा भेंटकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का स्वागत किया। जन विश्वास रैली के मंच पर अन्य मंत्रियों में केंद्रीय संस्कृति मंत्री अर्जुन मेघवाल, केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा व सांसद और विधायक मौजूद रहे।  

भाजपाइयों में दिखा उत्साह
अमित शाह के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह रहा। सुबह से ही सभा स्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई थी। वहीं केंद्रीय गृहमंत्री के आगमन को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। एडीजी आगरा राजीव कृष्ण, पुलिस अधीक्षक रोहन प्रमोद बोत्रे ने सुबह को कार्यक्रम स्थल पर निरीक्षण किया। चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात रही। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here