बिहार के गया में धर्मांतरण,मुद्दे पर बवाल

गया के नगर प्रखंड के नैली पंचायत वाजिदपुर, बेलवाडिह में सैंकड़ों हिंदुओं द्वारा बीते दिनों धर्म परविर्तन कर ईसाई धर्म स्वीकारने की घटना प्रकाश में आने के बाद अब जिले में धर्मांतरण का मसला अंदरखाने धीरे-धीरे गरमाने लगा है। ईसाई धर्म से ताल्लुक रखने वाले नव-धर्मांतरित इन दिनों डर के साये में जी रहे हैं। मामला पुलिस की चौखट तक पहुंच चुका है। जांच की जा रही है। वहीं विश्वस्त सूत्रों का कहना है कि क्षेत्र में रहने वाले ईसाई धर्मांतरण को बढ़ावा दे रहे हैं। यह खेल क्षेत्र में बखूबी खेला जा रहा है।

मामला जिले के फतेहपुर प्रखंड के बुधौल का है। बुधौल में जेम्स प्रार्थना भवन है। उस चर्च के पादरी धीरज कुमार दास हैं। इनका आरोप है, ‘बीते तीन दिनों से कुछ लोग लगातार हमें जान से मारने की न केवल धमकी दे रहे हैं बल्कि चर्च को JCB से गिराने की बात भी कह रहे हैं। यही नहीं हमारे घर पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने बीती रात धावा बोला है। गनीमत थी कि घर पर हम नहीं थे। घर पर बीबी व बच्चे ही थे। वे घर पर आए और बीबी बच्चों को गालियां दी और जान से मारने की धमकी दे कर चले गए’।

पादरी का कहना है कि धावा बोलने वालों की संख्या दो दर्जन से अधिक थी। सभी बोलेरो व बाइक से थे। यह सिलसिला बीते चार दिनों से चल रहा है। हालांकि, संबंधित मामले की शिकायत पादरी ने फतेहपुर थाने में भी की है। पुलिस को पादरी और नव-धर्मांतरित लोगों की हरकतों की विशेष इनपुट मिली है। इधर, लोकल इंटेलिजेंस की मानें तो क्षेत्र में अंदरखाने धर्म परिवर्तन की बयार तेजी से बह रही है।

सूत्रों का कहना है कि पादरी जेम्स (गॉसपेल इकोइंग मिशनरी सोसाइटी) से जुड़ा है। वह महादलित बस्ती के बच्चों के बीच शिक्षा की अलख जगा रहा है। साथ ही जहां-तहां सिलाई सेंटर भी चला रहा है। पादरी बीते दो वर्ष से बुधौल में है। वह मूल रूप से नवादा जिले के सिस्वा के बरही बिगहा का रहनेवाला है।

इधर, फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज राम ने बताया कि इस मामले में पुलिस जुटी है। जांच चल रही है। कुछ इनपुट भी मिले हैं। उस पर काम भी हो रहा है। आरोप लगाने और आरोपी दोनों की बातों की जांच की जा रही है। साथ ही सीनियर अधिकारियों को भी इसकी सूचना लगातार दी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here