रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान से सुधर जाने को कहा

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को बिना नाम लिए पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान पर हमला बोलते हुए कहा कि छेड़ोगे तो छोड़ेगें नहीं। पुलवामा कांड की याद दिलाते हुए कहा कि हम देश की सीमा पर ही नहीं दुश्मनों को सबक सिखाते हैं बल्कि जरूरत पड़ने पर दुश्मन के घर में भी घुसकर मुंह तोड़ जवाब देने की भारत हिमाकत रहता है। भारत की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी है। अब भारत एक मजबूत देश बन चुका है। वह गुरुवार को सीतापुर के ग्रास फार्म पर अवध क्षेत्र के 15 जिलों के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में बोल रहे थे।

अलग-अलग जिलों से आए बूथ अध्यक्षों को 2022 के विधानसभा चुनाव में बूथ जिताने का उन्होंने मंत्र दिया। सीतापुर के नैमिषारण्य की महत्ता और कैप्टन मनोज पांडेय की शहादत को नमन करते हुए रक्षामंत्री ने भाषण की शुरुआत की। कहा कि कल (बुधवार) को मैने अवध क्षेत्र के सभी जिलों के बूथ अध्यक्षों से उनके मोबाइल नंबर लेकर बात की। उनका हालचाल लिया। परिवार के बारे में पूछा। इसके बाद क्या माहौल है, इस पर जानकारी ली। सभी ने कहा कि माहौल बहुत अच्छा है।

रक्षामंत्री ने कहा कि आज सामने मौजूद कार्यकर्ताओं की भीड़, उमंग देखकर ऐसा लग रहा है कि अब भाजपा की विजय को कोई रोक नहीं सकता है। मैने इसकी कल्पना नहीं की थी, जो दृश्य हमारे सामने है। रक्षामंत्री ने बूथ अध्यक्षों को बूथ जीता, चुनाव जीता का मंत्र भी दिया। इसके बाद कहा कि भाजपा  सत्ता का सुख भोगने के लिए सरकार नहीं बनाती है, भाजपा देश बनाने के लिए सरकार बनाना चाहती है। भाजपा जनता की आंखों में धूल झोंककर राजनीति नहीं करती है। भाजपा जनता की आंख में आंख डालकर राजनीति करती है। सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि धूल झोंककर राजनीति करने का काम समाजवादी पार्टी करती है। हमारी पार्टी जो कहती है वह करती है।

कांग्रेस पर हमलवार होते हुए रक्षामंत्री ने कहा कि उनके नेताओं ने बहुत से वादे किए, लेकिन अगर उस पर काम होता तो 25 से 30 साल पहले ही भारत का विकास हो जाता, लेकिन हम लोगों ने वह चुनौती स्वीकार की है, जो कहा है वह किया है। पुराना इतिहास दोहराते हुए रक्षामंत्री ने कहा कि 1951 में जब जनसंघ की पार्टी थी, तभी यह तय हुआ था कि अगर हमारी सरकार बनी तो जम्मू कश्मीर में लागू धारा 370 को चुटकी बजाकर खत्म कर देंगे। हमने यह करके दिखाया है। दुनिया के देशों में 6-7 सालों में भारत को लेकर क्या धारणा बन चुकी है, यह आप लोग दुनिया के अलग-अलग देशों में रह रहे अपने जानने वालों से पूछ सकते हैं। देश में बदलाव हुआ है। अंतरराष्ट्रीय मंचों से प्रधानमंत्री मोदी को दुनिया सुनती है। वहां के राष्ट्राध्यक्षों के बयान भी सामने आते हैं।

रेजांग ला का किया जिक्र
18 नवंबर को भारत-चीन की सीमा पर स्थित रेजांग ला जाने का जिक्र भी रक्षामंत्री ने किया। कहा कि -20 डिग्री सेल्सियस में वहां हमारे जवान रहते हैं। लद्दाख के रेजांग ला में बनाए गए वॉर मेमोरियल को 18 नवंबर को ही रक्षामंत्री ने देश को सौंपा है।

एसाल्ट रायफल, ब्रम्होस मिसाइल भी बनेगी यूपी में
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यूपी में बदलाव दिख रहा है। योगी ने कमाल किया है। बड़े-बड़े निवेश हो रहे हैं। बाहर से आकर लोग यहां पर निवेश कर रहे हैं। रूस की मदद से यूपी में एलास्ट रायफल यूपी में ही बनेगी। ब्रम्होस मिसाइल भी अब यूपी की धरती पर बनेगी। डिफेंस कॉरीडोर पर काम चल रहा है।

हम किसानों और रामभक्तों पर गोलियां नहीं चलवा सकते
रक्षामंत्री ने भाषण के दौरान कृषि कानून की वापसी को लेकर कहा कि किसानों को बहुत समझाने की कोशिश की गई, लेकिन जब नहीं समझा पाए तो कानून वापस लेने का फैसला किया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि हम किसानों को ऐसे हालत पर नहीं छोड़ सकते। ऐसा कोई काम नहीं करेंगे, जिससे किसान परेशान हों। सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने रामभक्तों पर गोलियां चलवा दीं। हम किसानों और रामभक्तों पर गोलियां नहीं चलवा सकते। यह सपा को मंजूर होगा। हमे नहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here