मुंबई। अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा की जिंदगी में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पिता सुनील मल्होत्रा का 14 फरवरी को निधन हो गया। सिद्धार्थ ने इस दुख को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए अपने पिता को याद किया और भावनाओं को शब्दों में बयां किया।
इंस्टाग्राम पोस्ट में पिता को याद किया
मंगलवार रात सिद्धार्थ ने इंस्टाग्राम पर अपने पिता के साथ पुरानी तस्वीरें साझा की। उन्होंने लिखा, “पिता हमेशा ईमानदार, संस्कारवान और सच्चाई पर आधारित जीवन जीते थे। उन्होंने हमें अनुशासन और ताकत का मतलब बिना कठोरता और अहंकार के समझाया। जीवन ने उन्हें कई बार टेस्ट किया, लेकिन वे हमेशा पॉजिटिव रहे।”
सिद्धार्थ ने आगे कहा, “मेरे पापा मर्चेंट नेवी कैप्टन थे और समुद्र की कमान संभालने से लेकर बीमारी का साहसपूर्वक सामना करने तक उन्होंने कभी समझौता नहीं किया। स्ट्रोक ने उन्हें व्हीलचेयर पर ला दिया, लेकिन उनका हौसला कभी टूटा नहीं। पापा, आपकी ईमानदारी मेरी विरासत है और आपकी पॉजिटिविटी आज भी हमारे परिवार को एक साथ रखती है। मैं आपका नाम, आपके मूल्य और आपकी रोशनी हमेशा आगे बढ़ाऊंगा। लव यू डैड।”
कियारा आडवाणी के साथ दिल्ली में मौजूद
सिद्धार्थ अपने पिता के अंतिम संस्कार के लिए दिल्ली पहुंचे। उनकी पत्नी और अभिनेत्री कियारा आडवाणी भी खबर मिलते ही दिल्ली पहुंच गईं। बताया गया कि सुनील मल्होत्रा लंबे समय से बीमार थे। कुछ महीने पहले सिद्धार्थ ने लीली सिंह के पॉडकास्ट में भी पिता की स्वास्थ्य चुनौतियों का जिक्र किया था।
इस दुख की घड़ी में सिद्धार्थ का परिवार और करीबी दोस्त उनके साथ मौजूद हैं, जबकि फैंस और सिने प्रेमी अभिनेता के इस गहरे दुख में उनके साथ संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।