11 बार ‘कोरोना वैक्सीन’ लेने वाले 84 साल के बुजुर्ग पर एफआईआर, जल्द होंगे गिरफ्तार

पटना: कोरोना की वैक्सीन 11 बार लेने का दावा करने वाले बिहार के मधेपुरा जिले के 84 साल के बुजुर्ग ब्रह्मदेव मंडल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जिला मेडिकल अधिकारी डॉ. विनय कृष्ण प्रसाद की शिकायत पर ये एफआईआर पुरैनी पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है। 

पुलिस के अनुसार अभी मामले की जांच जारी है। आरोपी ब्रह्मदेव मंडल मधेपुरा जिले के पुरैनी प्रखंड के अंतर्गत औराय गांव के निवासी हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले ही ये कहा था पिछले 11 महीनों में वे 11 बार कोरोना की वैक्सीन ले चुके हैं। 

ब्रह्मदेव मंडल वैक्सीन की 12वीं डोज भी लेने की तैयारी में थे। वे इसे लेने के लिए स्थानीय चौसा स्वास्थ्य केंद्र पर गए तो पहचान लिए गए थे।

उम्र को देखते हुए मिल सकती है जमानत

ब्रह्मदेव मंडल पर भारतीय दंड संहिता की धारा 188 (लोकसेवक द्वारा विधिवत आदेश की अवज्ञा), 419 (अलग वेष में धोखाधड़ी), और 420 (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह सभी गैर-जमानती धाराएं हैं। हालांकि, ब्रह्मदेव मंडल की उम्र को देखते हुए संभावना है कि उन्हें जमानत दी जा सकती है।

बता दें कि ब्रह्मदेव मंडल ने अलग-अलग आईडी कार्ड और रिश्तेदारों के अलग-अलग फोन नंबर देकर वैक्सीन की ये डोज ली थी। यही नहीं ब्रह्मदेव मंडल ने वैक्सीन को ‘शानदार चीज’ बताते हुए कहा था कि इसे लेने के बाद उनके घुटनों का दर्द कम हुआ है। 

मंडल ने कहा, ‘मैंने जब से वैक्सीन लेनी शुरू की, कभी बीमार नहीं पड़ा और मेरा स्वास्थ्य भी ठीक हुआ है।’ ब्रह्मदेव मंडल डाक विभाग से रिटायर कर्मी हैं। उनके अनुसार उन्होंने वैक्सीन की एक-एक डोज फरवरी, मार्च, मई, जून, जुलाई और अगस्त में ली। सितंबर में उन्होंने वैक्सीन की तीन डोज ली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here