आगरा में तैनात पीएसी के जवान के खिलाफ फिरोजाबाद के थाना सिरसागंज में एक युवती की तहरीर पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी के भाई, पिता और मां पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज हुआ है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के लिए रिश्ता तय होने के बाद आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। दहेज की मांग पूरी न होने पर शादी से इनकार कर दिया।
पीड़ित युवती थाना सिरसागंज क्षेत्र की रहने वाली है। उसने बताया कि नारखी थाना क्षेत्र के गांव मुईनउद्दीनपुर निवासी भूपेंद्र से उसके प्रेम संबंध थे। इसकी जानकारी भूपेंद्र के परिजन को थी। भूपेंद्र पीएसी में है, जिसकी वर्तमान में तैनाती आगरा में है। पीड़िता का आरोप है कि भूपेंद्र से रिश्ता तय करने के लिए परिजन भी राजी हो गए। 16 फरवरी को भूपेंद्र और उसके परिजनों के बीच शादी बातचीत होने के साथ ही 20 लाख रुपये में रिश्ता तय कर दिया गया।
17 अप्रैल को होनी थी शादी
शादी 17 अप्रैल को होनी थी। रिश्ता तय होने के बाद भूपेंद्र ने उसके साथ शारीरिक संबंध भी बना लिए। इस बीच भूपेंद्र के परिजन ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। जिसे उसके परिजन पूरा नहीं कर सके। दहेज की मांग पूरी न होने पर भूपेंद्र और उसके परिजनों ने शादी से इनकार कर दिया। इस बीच समझौते पर पुलिस के सहयोग से जबरन हस्ताक्षर भी करा लिए।
पीड़ित युवती न्याय के लिए दर-दर भटकती रही। पीड़िता के मुताबिक एसएसपी से न्याय की गुहार लगाने के बाद सिरसागंज थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर भूपेंद्र पर दुष्कर्म और उसके भाई, पिता और मां के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष सिरसागंज शिव कुमार चौहान का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।