कनाडा के टोरंटो शहर में हुई फायरिंग की एक घटना में भारतीय मूल के एक छात्र की जान चली गई। मृतक की पहचान 20 वर्षीय शिवांक अवस्थी के रूप में हुई है, जो टोरंटो विश्वविद्यालय के स्कारबोरो कैंपस से जुड़े थे। इस घटना पर टोरंटो स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

भारतीय वाणिज्य दूतावास ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि स्कारबोरो परिसर के समीप हुई गोलीबारी में भारतीय छात्र की मौत बेहद दुखद है। दूतावास ने बताया कि इस कठिन समय में वह मृतक के परिवार के संपर्क में है और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है।

घटना के बाद फरार हुए हमलावर

स्थानीय पुलिस के अनुसार, 23 दिसंबर को हाईलैंड क्रीक ट्रेल और ओल्ड किंग्स्टन रोड के आसपास गोलीबारी की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शिवांक अवस्थी को गंभीर हालत में जमीन पर पड़ा पाया। प्राथमिक जांच में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि घटना को अंजाम देने के बाद संदिग्ध हमलावर मौके से फरार हो गए थे।

जांच के दौरान सुरक्षा कारणों से आसपास के इलाके और विश्वविद्यालय परिसर को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया। इस घटना को टोरंटो में वर्ष की 41वीं हत्या के रूप में दर्ज किया गया है। छात्र समुदाय में इस वारदात को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है।

कैंपस के भीतर दिन में हुई वारदात

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर साझा की गई जानकारी के अनुसार, शिवांक को दिनदहाड़े कैंपस वैली क्षेत्र में गोली मारी गई। यह इलाका छात्रों की आवाजाही के लिए जाना जाता है और विश्वविद्यालय द्वारा भी नियमित रूप से उपयोग में लिया जाता है। शिवांक अवस्थी जीवन विज्ञान (लाइफ साइंसेज) के तीसरे वर्ष के छात्र बताए गए हैं।

टोरंटो में भारतीय नागरिकों से जुड़ी दूसरी घटना

गौरतलब है कि हाल के दिनों में टोरंटो में एक और भारतीय नागरिक की हत्या का मामला सामने आया था। 30 वर्षीय भारतीय मूल की महिला हिमांशी खुराना की मौत के सिलसिले में पुलिस एक स्थानीय निवासी की तलाश कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मामला घरेलू हिंसा से जुड़ा हो सकता है। भारतीय वाणिज्य दूतावास ने उस मामले में भी पीड़ित परिवार को सहयोग देने की बात कही है।