नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब तुर्की एयरलाइंस के एक विमान की लैंडिंग के दौरान उसके टायर में अचानक आग लग गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, तुर्की एयरलाइंस की फ्लाइट टीके-726 इस्तांबुल से काठमांडू पहुंची थी। विमान जैसे ही त्रिभुवन एयरपोर्ट पर उतरा, उसके दाहिने लैंडिंग गियर के टायर से आग और धुआं निकलता दिखाई दिया। घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट पर मौजूद फायर ब्रिगेड की टीम सक्रिय हुई और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया।
एयरपोर्ट सुरक्षा विभाग के एसपी राजकुमार सिलावल ने बताया कि विमान में कुल 278 यात्री और 11 क्रू सदस्य सवार थे। सभी को सुरक्षित तरीके से इमरजेंसी एग्जिट के जरिए बाहर निकाला गया। यात्रियों में संयुक्त राष्ट्र के कुछ अधिकारी भी शामिल बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और विमान की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
सोशल मीडिया पर घटना के कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें विमान के लैंडिंग गियर से धुआं उठता दिखाई दे रहा है। हालांकि एयरलाइन कंपनी और एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।