बांग्लादेश में जारी अशांत हालात के बीच एक और गंभीर घटना सामने आई है। राजबाड़ी जिले के पांगशा उपजिला क्षेत्र में बुधवार देर रात एक हिंदू युवक की भीड़ द्वारा बेरहमी से पिटाई किए जाने के बाद मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, युवक पर कथित रूप से जबरन वसूली के आरोप लगाए गए थे।

यह घटना रात लगभग 11 बजे कलीमोहर यूनियन के होसेंदंगा गांव में हुई, जिसके बाद इलाके में डर और तनाव का माहौल बन गया। पांगशा सर्कल के सहायक पुलिस अधीक्षक देब्रत सरकार ने बताया कि मृतक की पहचान अमृत मंडल उर्फ सम्राट के रूप में की गई है।

मौके से एक आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद

पुलिस ने बताया कि घटना के समय सम्राट के साथ मौजूद मोहम्मद सलीम को मौके से हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो हथियार बरामद किए गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सम्राट को भीड़ से बाहर निकाला।

इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम

सम्राट की हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल पांगशा उपजिला स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात करीब 2 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने सलीम के पास से एक पिस्टल और एक देसी बंदूक जब्त की। शव को पोस्टमार्टम के लिए राजबाड़ी सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

लगातार तनाव की चपेट में बांग्लादेश

गौरतलब है कि बीते कुछ समय से बांग्लादेश के कई हिस्सों में हिंसा और अस्थिरता की घटनाएं सामने आ रही हैं। ढाका और चटगांव समेत कई शहरों में प्रदर्शन और झड़पों की खबरें लगातार मिल रही हैं। 12 दिसंबर को इंकलाब मंच से जुड़े छात्र नेता उस्मान हादी को गोली मारी गई थी, जिनकी बाद में सिंगापुर में इलाज के दौरान 18 दिसंबर को मौत हो गई। इसके बाद से हालात और अधिक तनावपूर्ण हो गए।

इसी कड़ी में चटगांव में एक हिंदू नागरिक की लिंचिंग की घटना ने भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी थी।

राजनीतिक नेताओं पर भी हमले

हिंसा का दायरा अब राजनीति तक भी फैलता दिख रहा है। हाल ही में नए राजनीतिक दल नेशनल सिटीजन पार्टी (एनसीपी) के नेता मोहम्मद मुतालिब सिकदर पर खुलना में गोलीबारी की गई। इस हमले में उनके सिर में गंभीर चोट आई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।