हरियाणा में 2024 लोकसभा और विधानसभा चुनावों को लेकर BJP प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ ने बड़ा संगठन विस्तार किया है। पटौदी के विधायक सत्य प्रकाश जरावता को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। साथ ही यमुनानगर के ईश्वर पलाका और रोहतक की रेनू डाबला को प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी दी है।

5 प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त
ओपी धनखड़ ने 5 प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भी नियुक्त किए हैं। रेवाड़ी के हुक्म यादव सहित करनाल के भगवान दास कबीर पंथी, रोहतक के अजय बंसल, नारनौल के राकेश शर्मा और सोनीपत की सुमित्रा चौहान को सदस्य की जिम्मेदारी दी है।

चार जिला प्रभारी बनाए
रेवाड़ी, जींद, सोनीपत और पानीपत जिलों में हरियाणा बीजेपी ने जिला प्रभारी नियुक्त किए हैं। इनमें रेवाड़ी से मुकेश गौड़, जींद से धर्मवीर मिर्जापुर, सोनीपत से जवाहर सैनी और पानीपत से संदीप जोशी को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा तीन जिलों के अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। इनमें रेवाड़ी से प्रीतम चौहान, महेंद्रगढ़ से दयाराम यादव और रोहतक से रणबीर ढाका को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।