अलीपुरद्वार (प. बंगाल)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लगातार भाजपा पर हमलावर रहती है। इन सब के बीच एक बार फिर से ममता बनर्जी ने भाजपा पर जबरदस्त तरीके से निशाना साधा है। ममता बनर्जी ने साफ तौर पर कहा कि राज्य को विभाजित करने की कोशिश को विफल करने के लिए वह अपना खून तक वह आने के लिए तैयार है। दरअसल, ममता बनर्जी का यह बयान ऐसे समय में आया है। जब भाजपा के कुछ नेताओं द्वारा पश्चिम बंगाल के अलग राज्य बनाने की मांग की जा रही है। ममता बनर्जी ने भाजपा पर अलगाववाद को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया। अपने बयान में ममता बनर्जी ने कहा कि 2024 के आम चुनाव से पहले भाजपा राज्य में अलगाववाद को बढ़ावा देने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर बंगाल में सभी समुदाय के लोग दशकों से एक दूसरे के साथ मिलकर रह रहे हैं, लेकिन भाजपा लोगों को लगातार बांटने की कोशिश कर रही है।
तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने अपने संबोधन में कहा कि लोकसभा चुनाव करीब आने के साथ ही भाजपा अलग-अलग मुद्दों को उठा रही है और इसी कड़ी में उसने अलग राज्य की मांग कर दी है। भाजपा सभी गोरखालैंड की मांग करती है तो कभी अलग उत्तर बंगाल की मांग करती है। मैं जरूरत पड़ने पर अपना खून तक बहाने के लिए तैयार हूं, लेकिन राज्य को कभी विभाजित नहीं होने दूंगी। कामतापुर लिबरेशन ऑर्गनाइजेशन के नेता जीवन सिंघा के उस कथित वीडियो के संदर्भ में, जिसमें कामतापुर की मांग नहीं मानने पर मुख्यमंत्री को ‘‘रक्तपात’’ की धमकी दी गई है, बनर्जी ने कहा कि वह इस तरह की धमकियों से नहीं डरती हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोग मुझे धमकी दे रहे हैं, मुझे इसकी परवाह नहीं है। मैं इस तरह की धमकियों से नहीं डरती।
इससे पहले ममता बनर्जी ने केंद्र की भाजपा सरकार को भ्रष्ट करार दिया था। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार नोटबंदी जैसे फैसलों के जरिए देश की अर्थव्यवस्था को बिगाड़ रही है और विपक्ष को शांत कराने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। ममता बनर्जी ने दावा किया कि 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा की एंट्री नहीं होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में लौटने की कोई संभावना नहीं है। ममता ने कहा कि देश भर में भाजपा के लिए ‘‘नो एंट्री’’ (प्रवेश पर प्रतिबंध) होगी। उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार भ्रष्ट है। उन्होंने नोटबंदी जैसे विनाशकारी फैसलों से देश की अर्थव्यवस्था को तबाह कर दिया है। यह एक बड़ा घोटाला है।’’ ममता ने कहा कि देश की जनता केंद्र की जनविरोधी सरकार से तंग आ चुकी है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार मिलावटी है।