कोलकाता। बंगाल के राज्यपाल डा. सीवी आनंद बोस ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राज्य के सभी पद्म पुरस्कार विजेताओं से फोन पर बातचीत की और उन्हें बधाई दी।
लोक भवन के एक अधिकारी ने बताया कि राज्यपाल ने इस वर्ष गणतंत्र दिवस पर बंगाल के 11 पद्मश्री विजेताओं को व्यक्तिगत रूप से फोन कर उनकी प्रशंसा की। साथ ही उन्हें 26 जनवरी को लोक भवन में आयोजित 'एट होम' कार्यक्रम में सम्मानित मेहमान के रूप में आमंत्रित किया गया।
राज्यपाल ने कहा कि देश को इन पुरस्कार विजेताओं पर गर्व है और वे नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगे। इस वर्ष भारत सरकार ने कला, साहित्य और चिकित्सा के क्षेत्र में असाधारण योगदान देने वाले बंगाल के 11 विभूतियों को पद्मश्री सम्मान से नवाजा है। पद्म पुरस्कारों की यह घोषणा गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या, रविवार शाम को की गई।