असम में भाजपा विधायक दल ने डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा को एक बार फिर अपना नेता चुन लिया है। इसके साथ ही उनके लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। वे 12 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे।

गुवाहाटी में रविवार को हुई भाजपा विधायक दल की अहम बैठक में यह निर्णय लिया गया। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से हिमंत बिस्वा सरमा को एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया। इस बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में जेपी नड्डा और सह-पर्यवेक्षक के तौर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मौजूद रहे।

बैठक में भाजपा के आठ विधायकों ने उनके नाम का औपचारिक प्रस्ताव रखा, जिसे सभी सदस्यों ने समर्थन दिया। गठबंधन के सहयोगी दल असम गण परिषद (एजीपी) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने भी इस फैसले पर सहमति जताई, जिससे चयन सर्वसम्मति से पूरा हुआ।

नेता चुने जाने के बाद एनडीए के वरिष्ठ नेताओं ने राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात की और नई सरकार के गठन का दावा पेश किया। इस दौरान सरकार गठन से जुड़े औपचारिक मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में एनडीए ने असम में मजबूत प्रदर्शन करते हुए दो-तिहाई बहुमत हासिल किया। 126 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने 82 सीटें जीतीं, जबकि उसके सहयोगी दल एजीपी और बीपीएफ को 10-10 सीटें मिलीं। इस बड़ी जीत के बाद गठबंधन ने राज्य में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है और अब नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।