मुजफ्फरनगर में 7 मार्च से चलेगा टीकाकरण अभियान इंद्रधनुष

मुजफ्फरनगर। 5 मार्च 2022 नियमित टीकाकरण से छूटे दो वर्ष तक के बच्चों एवं गर्भवती के टीकाकरण के लिए सात मार्च से मिशन इंद्रधनुष – 4.0 अभियान चलाया जाएगा। अभियान तीन चरणों में पूरा होगा। पहले चरण का शुभारंभ सात मार्च से होगा जो 14 मार्च तक चलेगा। इसी प्रकार अप्रैल और मई में क्रमशः दूसरा और तीसरा चरण चलाया जाएगा और किसी भी कारण से नियमित टीकाकरण से छूटे बच्चे और गर्भवती का टीकाकरण किया जाएगा। इसके साथ ही नियमित टीकाकरण अभियान भी जारी रहेगा। मिशन इंद्रधनुष के संबंध मे जनपद के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ महावीर सिंह फौजदार ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में 7 मार्च से मिशन इंद्रधनुष अभियान चलाया जाएगा जिसके अंतर्गत नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है, उन्होंने बताया कि सघन मिशन इंद्रधनुष्य अभियान के अंतर्गत 1182 सत्र प्लान किए गए हैं जिनमें 8343 बच्चों का टीकाकरण तथा 3145 गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है।
मीडिया कार्यशाला में डॉ एम०के० चावला ,संयुक्त निदेशक, सहारनपुर मंडल द्वारा भी मीडिया बंधुओं को संबोधित किया गया।
क्या है सघन मिशन इंद्रधनुष :-

सघन मिशन इंद्रधनुष दरअसल विशेष टीकाकरण अभियान है। शून्य से दो वर्ष तक के बच्चे और गर्भवती, जो नियमित टीकाकरण से छूट जाते हैं, विशेष अभियान चलाकर उन्हें टीके लगाए जाते हैं। इस अभियान का नाम इंद्रधनुष इसलिए रखा गया है क्योंकि इंद्रधनुष में सात रंग होते हैं और इस अभियान के दौरान सात बीमारियों से प्रतिरक्षित करने के लिए टीके लगाए जाते हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह टीकाकरण निशुल्क किया जाता है। इस अभियान के अंतर्गत बच्चों को सात खतरनाक बीमारियों तपेदिक, पोलियो, हेपेटाइटिस-बी, डिप्थीरिया, काली खांसी, टिटनेस और खसरा से बचाव के लिए टीके लगाए जाएंगे। इसके अलावा अभियान में गर्भवती महिलाओं को टीडी का टीका लगाया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here