तीन जुलाई से आरंभ होने वाली अमरनाथ यात्रा को लेकर हेलीकॉप्टर सेवाओं की ऑनलाइन बुकिंग शीघ्र ही शुरू होने की संभावना है। इस वर्ष किराए में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। श्रद्धालु बालटाल रूट पर नीलग्राथ-पंजतरणी-नीलग्राथ और पहलगाम रूट पर पहलगाम-पंजतरणी-पहलगाम के माध्यम से पवित्र गुफा तक पहुंच सकेंगे। इसके अलावा, श्रीनगर से नीलग्राथ तक चार्टर प्लेन की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड से जुड़े सूत्रों के अनुसार, हेलीकॉप्टर सेवा के लिए प्रस्तावित किराया तय कर लिया गया है, जिसे जल्द ही सार्वजनिक किया जाएगा। इन सेवाओं की बुकिंग केवल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से ही की जा सकेगी। जानकारी के मुताबिक, नीलग्राथ से पंजतरणी के लिए एकतरफा किराया इस वर्ष ₹3,860 प्रस्तावित है, जबकि पिछले वर्ष यह ₹3,250 था। वहीं, पहलगाम से पंजतरणी की एकतरफा यात्रा के लिए ₹5,820 किराया तय किया गया है, जो पहले ₹4,900 था।

श्रीनगर से नीलग्राथ के लिए चार्टर फ्लाइट का प्रस्तावित किराया ₹4.25 लाख होगा, जिसे व्यक्तिगत या समूह यात्राओं के लिए बुक किया जा सकेगा। बालटाल और पहलगाम मार्गों पर हेलीकॉप्टर सेवाएं देने के लिए हिमालयन हेली सर्विसेस लिमिटेड, ग्लोबल वेक्ट्रा हेलीकॉप्टर्स लिमिटेड, एरो एयरक्राफ्ट और एविएशन प्राइवेट लिमिटेड को जिम्मेदारी दी जाएगी।

स्वास्थ्य और भोजन सेवा की भी तैयारी

यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं के लिए 100 से अधिक लंगरों की व्यवस्था की जाएगी, जिनकी स्थापना का कार्य जून के अंत से आरंभ होगा। अब तक करीब 3.5 लाख श्रद्धालु अग्रिम पंजीकरण करा चुके हैं। यात्रा की तैयारियों को 15 से 20 जून के बीच अंतिम रूप दिया जाएगा। इस बार स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त उपाय किए जाएंगे।