कमलनाथ नहीं छोड़ेंगे कांग्रेस, हाईकमान और गांधी परिवार ने मनाया

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमल नाथ पार्टी नहीं छोड़ेगे। हाईकमान और गांधी परिवार ने उन्हें पार्टी नहीं छोड़ने के निए मना लिया है। कमल नाथ के अपने सांसद बेटे नकुल नाथ के साथ भाजपा में शामिल होने की हफ्ते भर से चल रही अटकलों पर कांग्रेस ने सोमवार को आखिरकार विराम लगा दिया।

कांग्रेस महासचिव एवं मध्य प्रदेश के प्रभारी जितेंद्र सिंह ने कहा कि कमल नाथ के भाजपा में शामिल होने की खबरें मीडिया और भाजपा की अफवाह है। कमल नाथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और वे राहुल गांधी की न्याय यात्रा में शामिल होंगे। पार्टी ने कमल नाथ को चुनाव से पहले पाला बदलने से रोक जरूर लिया, लेकिन इसके लिए पार्टी हाईकमान से लेकर गांधी परिवार के सदस्यों को कमल नाथ को समझाने-बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

दिग्विजय सिंह ने सुलह कराने में निभाई भूमिका

सूत्रों के अनुसार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने हाईकमान और कमल नाथ के बीच सुलह कराने में बड़ी भूमिका निभाई। बताया जाता है कि शनिवार से सोमवार तक कमल नाथ से फोन पर कई बार बात की गई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी रविवार रात कमल नाथ से फोन पर बात कर उन्हें समझाया।

कांग्रेस से दशकों पुराने जुड़ाव का दिया हवाला

कांग्रेस और गांधी परिवार के साथ उनके दशकों पुराने जुड़ाव का हवाला दिया। समझा जाता है कि इसके बाद राहुल गांधी ने भी कमल नाथ को फोन कर उनसे लंबी चर्चा की और पार्टी नहीं छोड़ने का आग्रह किया। सूत्रों की मानें तो गांधी परिवार के एक और सदस्य ने भी कमल नाथ से फोन पर बात की। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद कमल नाथ को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाया दिया गया था।

जीतू पटवारी को प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपी गई

इसके साथ ही विरोधी गुट के जीतू पटवारी को प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपी गई। पटवारी को राहुल गांधी का करीबी माना जाता है। इसके मद्देनजर कमल नाथ राहुल से खफा बताए जा रहे थे। कमल नाथ के पार्टी नहीं छोड़ने पर राजी होने के बाद सोमवार को जितेंद्र सिंह ने उनके भाजपा में जाने की खबरों को खारिज किया और कहा कि कमल नाथ मंगलवार को मध्य प्रदेश में राहुल गांधी की न्याय यात्रा की तैयारी के लिए होने वाली बैठक में शामिल होंगे।

नकुल कांग्रेस के टिकट पर छिंदवाड़ा से लड़ेंगे चुनाव

इतना ही नहीं, उनके बेटे सांसद नकुल नाथ भी यात्रा में शामिल होंगे। नकुल कांग्रेस के टिकट पर छिंदवाड़ा से फिर चुनाव लड़ेंगे। इससे पूर्व कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के वरिष्ठ नेता सज्जन सिंह वर्मा ने कमल नाथ के पार्टी छोड़ने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि वह कहीं नहीं जा रहे। कमल नाथ के करीबी माने जाने वाले वर्मा ने उनसे मुलाकात के बाद यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति इंदिरा गांधी के तीसरे बेटे माने जाते हैं वो कांग्रेस छोड़कर कैसे जा सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here