प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई में लगभग 38,800 करोड़ रुपए की परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने मुंबई मेट्रो लाइन 2ए और 7 का उद्घाटन किया, इसमें अंधेरी से दहिसर तक फैला 35 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर शामिल है। प्रधानमंत्री ने शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे के नाम पर रखे गए 20 आपला दवाखाना (स्वास्थ्य क्लीनिक) का भी उद्घाटन किया। इस मौके पर राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस समेत अन्य मौजूद थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मुंबई के लिए बेहद जरूरी मेट्रो हो, छत्रपति शिवाजी टर्मिनस के आधुनिकीकरण का काम हो, सड़कों में सुधार का बहुत बड़ा प्रोजेक्ट हो और बाला साहेब ठाकरे जी के नाम से आपला दवाखाने की शुरुआत हो, ये मुबंई शहर को बेहतर बनाने में बड़ी भूमिका निभाने वाले हैं।

https://twitter.com/ANI/status/1616070036627820548?t=Q4sCjLuWKJFjVC1WheQPdQ&s=19

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार आज भारत बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस कर रहा है, वरना हमारे यहां तो पिछली सदी का एक लंबा कालखंड सिर्फ गरीबी की चर्चा करना, दुनिया से मदद मांगना, जैसे-तैसे गुजारा करने में ही बीत गया।

पीएम मोदी ने कहा कि ये भी आजाद भारत के इतिहास में पहली बार हो रहा है जब दुनिया को भी भारत के बड़े-बड़े संकल्पों पर भरोसा है। भारत को लेकर दुनिया में इतनी सकारात्मकता इसलिए है क्योंकि आज सभी को लगता है कि भारत अपने सामर्थ्य का बहुत ही उत्तम तरीके से सदुपयोग कर रहा है। आज भारत अभूतपूर्व आत्मविश्वास से भरा हुआ है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज हर किसी को लगता है कि भारत तेजी से विकास और समृद्धि के लिए कुछ जरूरी काम कर रहा है। छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रेरणा से 'स्वराज' और 'सुराज' की भावना आज के हिंदुस्तान में डबल इंजन सरकार में झलकती है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में हमारे शहरों की भूमिका सबसे अहम है। वर्ष 2014 तक मुंबई में केवल 10-11 किलोमीटर तक मेट्रो चलती थी लेकिन हमारी डबल इंजन की सरकार ने मेट्रो के काम को अभूतपूर्व गति दी है।

एमवीए सरकार ने महाराष्ट्र में विकास कार्य रुकवाए: शिंदे
इस दौरान सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता सौभाग्यशाली है। पीएम मोदी आज विभिन्न परियोजनाओं और मुंबई मेट्रो की दो लाइनों का उद्घाटन करने के लिए यहां आए हैं। कुछ लोग चाहते थे कि पीएम मोदी को ऐसा करने को न मिले, लेकिन इसके उलट हो रहा है। एमवीए सरकार ने महाराष्ट्र में विकास कार्य रुकवाए थे। 

2.5 साल से लोगों को पसंद नहीं करने वाली सरकार थी: फडणवीस
कार्यक्रम में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 2019 में पीएम ने यहां कहा था कि डबल इंजन सरकार ने महाराष्ट्र को बदल दिया और कहा कि सरकार को सत्ता में वापस लाया जाए। आप पर भरोसा करके जनता ने सरकार वापस लाई, लेकिन कुछ लोग गुंडागर्दी में लिप्त थे और 2.5 साल से लोगों को पसंद नहीं करने वाली सरकार थी। 

बालासाहेब ठाकरे के सच्चे अनुयायी ने साहस दिखाया: डिप्टी-सीएम
उन्होंने बालासाहेब ठाकरे के सच्चे अनुयायी एकनाथ शिंदे ने साहस दिखाया और आपके आशीर्वाद से जनता की पसंद की सरकार एक बार फिर महाराष्ट्र में आ गई। महाराष्ट्र विकास के रास्ते पर एक बार फिर तेजी से चलने लगा।

राज्यपाल-मुख्यमंत्री ने किया स्वागत
इससे पहले पीएम मोदी मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे। यहां महाराष्ट्र के राज्यपाल कोश्यारी, मुख्यमंत्री शिंदे, उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने उनका स्वागत किया। राज्य भाजपा प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले भी इस दौरान मौजूद रहे।