मैनपुरी : बाइक सवार बदमाशों ने भाजपा नेता के सीने में मारी गोली, गंभीर

मैनपुरी । शनिवार देर रात बाइक सवार बदमाशों ने भाजपा अनुसूचित जाति युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष के सीने में गोली मार कर मौके से फरार हो गए। हमलावरों ने उस वक्त वारदात को अंजाम दिया, जब भाजपा नेता मैनपुरी से दवा लेकर भोगांव स्थित अपने घर लौट रहे थे।

पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि बदमाशों ने तीन से चार राउंड फायरिंग की है। जिसमें से एक गोली नेता के सीने पर लगी है। जिसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल से आगरा रेफर किया गया है। जिस तरीके से सीने में सटीक गोली मारी गई है, उससे पेसेवर अपराधी का अंदेशा हो रहा है। हालांकि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी।

दरअसल, भोगांव निवासी भाजपा अनुसूचित जाति युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष गौतम कठेरिया शनिवार को अपनी मां को दवा दिलाने मैनपुरी गए थे। रात करीब 10:30 बजे वह वापस घर लौट रहे थे। भोगांव मैनपुरी मार्ग गांव ललूपुर के पास बाइक सवार दो हमलावरों ने भाजपा नेता पर फायरिंग कर दी।

सीने में गोली लगने से गौतम लहूलुहान होकर जमीम पर गिर गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर देखते हुए आगरा रेफर कर दिया गया। हमले की सूचना मिलते ही एसपी कमलेश दीक्षित, एएसपी मधुवन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच  कर जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल के संबंध में जानकारी ली।

जिले भर में नाका बंदी कर तलाशी शुरू

सत्ताधारी नेता को गोली मारने की सूचना पर पुलिस महकमें में हड़कंप मच गई। उच्चअधिकारियों के दिशा निर्देश पर पुलिस कर्मियों ने जिले भर में नाकाबंदी कर चेकिंग अभियान चलाकर हमलावरों की गिरफ्तारी का प्रयास शुरू कर दिया है। एसपी ने बताया कि हमलावरों ने क्यों वारदात को अंजाम दिया है, लगातार जांच की जा रही है।

परिवार की ओर से तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, गोली कांड की सूचना पर पूर्व मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री, पूर्व जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता, जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here