माओवादियों ने केन्द्र सरकार की आत्मनिर्भर योजना के खिलाफ पोस्टर लगाए

चतरा के राजपुर थाना क्षेत्र के राजपुर बाजार में शुक्रवार को प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) ने पोस्टर चिपकाकर दहशत फैला दी

पुलिस सूत्रों ने बताया कि माओवादियों ने पोस्टर चिपका कर जनता से सरकार के दिवास्वप्न में नहीं पड़ने की बात कही है।

माओवादियों द्वारा क्षेत्र में पोस्टरबाजी की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पोस्टर हटा दिये।

बृहस्पतिवार को भी राजपुर थाना क्षेत्र के सर्वाधिक नक्सल प्रभावित केंदुआ सहोर गांव में माओवादियों के नाम पर पोस्टर लगाए गए थे। 12 घण्टे के अंदर दूसरी बार है जब शुक्रवार को प्रतिबंधित माओवादी संगठन की ओर से पोस्टर लगाए गए हैं।

राजपुर थाने से मामूली दूरी पर स्थित राजपुर बाजार में पोस्टर चिपकाकर माओवादियों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। जिले का राजपुर थाना क्षेत्र बिहार और झारखंड का सीमावर्ती इलाका है। नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में यह इलाका पूर्व से ही चिन्हित रहा है।

ज्ञात हो कि क्षेत्र में दो बार हुए माओवादी हमले में एक दर्जन से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। काफी अर्से तक यह इलाका नक्सली गतिविधियों को लेकर शांत रहा। लेकिन पोस्टरबाजी की घटना के बाद क्षेत्र में किसी अनहोनी की आशंका से दहशत का वातावरण बन गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here