मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन क्षेत्रान्तर्गत कच्ची सड़क स्थित मल्हूपुरा बस्ती में शनिवार की देर शाम गोवर्धन पूजा के दौरान महिला से छेड़छाड़ को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हमला बोल दिया, जिसमें एक पक्ष के राजीव शर्मा, उसके पिता व दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर मोहल्ले में पुलिस फोर्स की तैनाती कर दी है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मारपीट करने के मामले में एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार मल्हूपुरा बस्ती में शनिवार शाम राजीव शर्मा का परिवार गोवर्धन पूजा कर रहा था। उसी दौरान मोहल्ले के ही सन्नो व नईम ने सामने से गुजरते हुए पूजा पाठ को लेकर टिप्पणी कर दी। इस बात को लेकर दोनों में विवाद बढ़ता चला गया। मौके पर राजीव शर्मा के बच्चे हर्ष व खुशी भी पहुंच गए। आरोप है कि नईम ने इन सबके साथ जमकर मारपीट कर दी। सूचना पर हिन्दू संगठन के लोग भी पहुंच गए, तब नईम पक्ष फरार हो गया था। बाद में कई थाने की पुलिस फोर्स भी पहुंच गई। बताया जाता है कि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उधर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित राजीव शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने तहरीर दी है।
घटना की जानकारी मिलने पर राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल सहित कई भाजपा नेता जिला अस्पताल पहुंचे। वहा मंत्री कपिलदेव ने पीड़ित पक्ष से जानकारी ली व मौके पर ही पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह से दूरभाष के माध्यम से वार्ता कर आरोपियों पर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।