आगरा में कार्यकर्ताओं से बोले नड्डा- ब्रज से ही निकलेगा जीत का रास्ता

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ब्रज क्षेत्र की संगठनात्मक बैठक में पदाधिकारियों से कहा कि 2022 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का रास्ता ब्रज से होकर ही निकलेगा। रविवार को आगरा के फतेहाबाद रोड स्थित होटल ताज विलास में हुई बैठक में नड्डा ने संगठन और सरकार में समन्वय दुरुस्त करने के लिए सभी विधायकों और पदाधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही हर वरिष्ठ नेता को एक दिन बूथ पर रात्रि प्रवास करने के लिए कहा। 

सुबह 11 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक चली संगठन की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना काल में जब विपक्ष घरों में सो रहा था, तब हमने अभूतपूर्व कार्य किए हैं। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वह जनता तक सरकार की उपलब्धियां पहुचाएं। कार्यकता इस तरह चुनाव में जाएं कि पूरा विपक्ष एकजुट होकर भी नुकसान नहीं पहुंचा पाए। विपक्ष को पराजय दिखाई देने लगे। 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आपकी पहचान संगठन से ही है। संगठन ही सब कुछ है। बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री बीएल सन्तोष, प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी व सह संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह समेत क्षेत्र व प्रदेश संगठन के 70 से अधिक पदाधिकारी मौजूद रहे।

ब्रज क्षेत्र भाजपा के लिए काफी महत्वपूर्ण रहा है। ब्रज क्षेत्र के 12 जिलों में 65 विधानसभा सीटें हैं। साल 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में ब्रज क्षेत्र की कुल 65 सीटों में से 57 पर भाजपा ने जीत दर्ज की। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी भाजपा अभी से ही मंथन करने में जुटी है।  

जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री योगी लखनऊ से सुबह करीब 11 बजे आगरा के खेरिया हवाई अड्डे पर पहुंचे। यहां से गाड़ी से होटल ताज विलास रवाना हुए। रास्ते में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने नड्डा और योगी का खेरिया मोड़ चौराहे पर जोरदार स्वागत किया। उनके काफिले पर फूलों की वर्षा की गई। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here