पठानिया विधानसभा की कार्यवाही का बेहतरीन संचालन करेंगे: सीएम सुक्खू

हिमाचल प्रदेश की चौदहवीं विधानसभा के शीत सत्र के दूसरे दिन गुरुवार को सदन में 11:00 बजे के बाद तीन प्रस्ताव कुलदीप सिंह पठानिया को विधानसभा अध्यक्ष बनाने के लिए रखे गए। इस दौरान प्रोटेम स्पीकर चंद्र कुमार ने सदन की कार्यवाही का संचालन किया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पहला प्रस्ताव पेश किया कि कुलदीप सिंह पठानिया विधानसभा अध्यक्ष होंगे। इसका अनुमोदन नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भाजपा विधायक दल की ओर से किया।  दूसरा प्रस्ताव उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पेश किया। इसका अनुमोदन शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान ने किया। इसके बाद सोलन के कांग्रेस विधायक धनीराम शांडिल ने तीसरा प्रस्ताव पेश किया। इसका अनुमोदन सुलाह के विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने किया। प्रस्ताव पारित होने के बाद कुलदीप सिंह पठानिया को सुक्खू और जयराम ठाकुर ने आसन पर बिठाया। सुक्खू हाथ पकड़कर पठानिया को आसन तक ले गए। जयराम ठाकुर भी साथ वहां तक गए। सुखविंद्र सिंह सुक्खू और जयराम ठाकुर दोनों ने पठानिया को शुभकामनाएं दीं। 

कुलदीप पठानिया के अध्यक्ष के पद पर आसीन होने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि पठानिया के परिवार की कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं रही है। वह एक साधारण परिवार से राजनीति में आए। पेशे से अधिवक्ता हैं। विधानसभा की कार्यवाही का बेहतरीन संचालन करेंगे।  उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मजाक में कहा कि आप यह याद रखें कि आप हममें से वहां गए हैं। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी कहा कि कुलदीप पठानिया साधारण परिवार से राजनीति में आए हैं। चुराह के भाजपा विधायक हंसराज ने कहा कि चंबा आकांक्षी जिला है।

जरूरत तो हमें कैबिनेट की भी रही है। मजाक में कहा कि बहुत से लोग परेशान भी थे। आपको बनाने से बहुत से लोगों की परेशानी भी खत्म हुई है। आपसे उम्मीद होगी कि चंबा के लिए मंत्री की कमी महसूस नहीं होने देंगे। उन्हें विधानसभा अध्यक्ष बनाने का एक सर्वसम्मत निर्णय लिया गया है।  पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं सुलाह के भाजपा विधायक विपिन सिंह परमार ने कहा कि आप मजबूर नहीं, मजबूत हैं। हां की हां तो आपने ही करवाना है। कई बार सोशल मीडिया पर भी ऐसी बातें आती हैं और इस पद की गरिमा का ध्यान नहीं रहता है। 

शिमला ग्रामीण के कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उनका विनम्र निवेदन रहेगा कि तपोवन के इस विधानसभा भवन का ठीक से इस्तेमाल हो। विधानसभा के सदस्य यहां पर प्रशिक्षण कर पाएं। ऐसी व्यवस्था यहां पर हो। युवा विधायकों को पूरा संरक्षण मिलेगा। यह उम्मीद है। यह गौरवशाली आसन पर बैठे हैं। इसका पालन भी करेंगे।

सदन की परंपराओं का बेहतरीन संचालन करेंगे: कुलदीप राठौर
कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि जब पठानिया प्रदेश एनएसयूआई के अध्यक्ष थे तो युवा कांग्रेस में थे। पेशे से वह वकील हैं और वकील हमेशा निष्पक्ष होते हैं। बहुत से साथियों ने मिलकर काम किया। उम्मीद है सदन की परंपराओं का बेहतरीन संचालन करेंगे। जैसे जज नए वकीलों को बोलने का मौका देते हैं। वैसे ही आप भी नए विधायकों को अवसर देंगे।

सदन में हंगामे के आसार
 विधानसभा के शीत सत्र के दूसरे दिन गुरुवार को भी सदन में हंगामे के आसार हैं। सदन की कार्यवाही की शुरुआत विधानसभा अध्यक्ष की चुनाव की प्रक्रिया से होगी। इसके बाद राज्यपाल का अभिभाषण होगा। इस अभिभाषण में राज्यपाल प्रदेश सरकार की उपलब्धियां बताएंगे। अभिभाषण के दौरान और उसके बाद सदन में हंगामे के आसार हैं। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here