पटना नगर निगम के कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी

पटना नगर निगम के चतुर्थवर्गीय कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन बुधवार को भी जारी रही। कूड़ा लेने वाली गाड़ी लगातार दूसरे दिन नहीं आई तो लोग दुर्गंध-बीमारी के डर से सड़क पर फेंकने लगे। मंगलवार को हुई बारिश में कचरा नालियों-मैनहोल में जा फंसा, जिससे कई इलाकों का पानी निकला ही नहीं। बुधवार को हुई तेज धूप ने गीले कचरे को इतनी तेजी से सड़ाया कि अब हर कूड़ा प्वाइंट की दुर्गंध 500-700 मीटर दूर तक घरों में पहुंच रही है। नगर निगम का ही हिसाब कहता है कि एक दिन में पटना 800 टन कूड़ा निकालता है।

इस हिसाब से 1600 टन कचरा सड़क पर होने के बावजूद विभाग और हड़तालियों में से किसी ने बीच का रास्ता नहीं निकाला है। पटना समेत हर नगर निकाय में फॉगिंग भी बंद है। यह हड़ताल इस बार उस समय हुई है, जब अज्ञात कारणों से बच्चों में बुखार का केस बहुत ज्यादा आ रहा है। मलेरिया का खतरा तो है ही, डेंगू के केस लगातार सामने आ रहे हैं। हड़ताल के कारण जलजमाव वाले इलाकों में चूना या ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव तक नहीं किया जा रहा है।

बिहार लोकल बॉडीज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा और बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के संयुक्त नेतृत्व में चल रही हड़ताल में बुधवार को कंकड़बाग में पानी सप्लाई में लगे जलापूर्ति शाखा के कर्मचारी शामिल हो गए। इसके कारण कई घंटों तक व्यवस्था ठप रही। काफी मशक्कत से सप्लाई शुरू हुई। इधर, अंचलों के स्तर पर गठित टास्क फोर्स के कर्मचारी भी हड़ताल पर जा रहे हैं।

हड़ताली संगठनों ने दावा किया कि पटना नगर निगम सहित राज्य के सभी नगर निकायों के स्थायी, दैनिक, आउटसोर्स व संविदा कर्मी दूसरे दिन भी हड़ताल पर जमे हैं। समर्थन बढ़ रहा है और अब हड़ताल का असर भी लगातार बढ़ेगा। नगर निगम मुख्यालय मौर्यालोक कॉम्प्लेक्स में बुधवार को भी हड़ताली कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। हड़तालियों ने पटना नगर निगम के नूतन राजधानी अंचल कार्यालय गेट पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि हम आम लोगों को परेशान नहीं कर रहे, बल्कि अपना हक मांग रहे। इसमें आम लोग साथ दें।

इस बीच शहर की बुरी हालत देखकर बुधवार शाम नगर निगम ने विशेष सफाई अभियान शुरू कराया गया। पटना नगर निगम प्रशासन की ओर से विशेष टीमों का गठन किया गया है। काम में बाधा डालने पर सख्त कार्रवाई के एलान बुधवार को ही दिख गया, जब एसके पुरी थाने में एक निगमकर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया। दावा है कि अंचल स्तर पर गठित इन टीमों को विभिन्न वार्डों में भेजा गया है। दो पालियों में सफाई कराई जा रही है।

सफाई संबंधी शिकायत यहां दर्ज कराएं

निगम ने आमजन से अपील की है कि वे जितना संभव हो अपने घर में कूड़े को रखें और सड़कों पर नहीं फेंकें। नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा ने कहा कि निगम की ओर से सभी सेक्टरों में रोस्टर के आधार पर डोर टू डोर सेवा सुनिश्चित कराई जा रही है। कचरा उठाव और साफ-सफाई से संबंधित शिकायतें टोल फ्री नंबर 1800-345-6644 व 0612-2200634 पर शिकायत दर्ज कराएं, इस पर कार्रवाई होगी।

दावा : नगर विकास मंत्री के क्षेत्र में भी बुरा हाल

हड़ताली कर्मचारी मोर्चा के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह, महामंत्री अमृत प्रसाद व श्यामलाल प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री के जिला में भी पूरी तरह से सफाई कार्य बाधित है। वहीं, डिप्टी सीएम व नगर विकास मंत्री तारकिशोर प्रसाद के गृह जिला कटिहार में भी सभी कर्मचारी हड़ताल पर हैं। जब तक मांगों पर सरकार फैसला नहीं ले लेती है, तब तक नगर निकायों में अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।

नगर निगम प्रशासन ने विशेष टीमों का किया गठन, दावा-कराई जा रही सफाई

नगर निगम ने बुधवार शाम से विशेष सफाई अभियान शुरू कराया गया। इसके लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। निगम ने दावा किया है कि हड़ताल खत्म होने तक दिन में आउटसोर्सिंग कर्मियों और रात में मशीनों के माध्यम से सफाई होगी। मुख्य सड़कों की साफ-सफाई के साथ डोर टू डोर सेवा पर फोकस किया जा रहा है।

कंकड़बाग : वार्ड 30, 33, 46 व 55 में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अंचल में 12 ड्राइवर व 44 कर्मियों का दल वार्डों में सफाई के लिए तैयार किया गया है। सार्वजनिक स्थलों व प्रमुख स्थानों की डीप क्लिनिंग के निर्देश दिए गए हैं। दावा है कि बुधवार को राजेंद्र नगर स्टेशन, पॉलिटेक्निक, करबिगहिया, कंकड़बाग मेन रोड आदि में टीम ने सफाई की।

पाटलिपुत्र : पाटलिपुत्र अंचल में 60 कर्मियों का टास्क फोर्स बनाया गया है। वार्ड 9 में सफाई कर्मचारी संतोष कुमार ने बाधा उत्पन्न करने की कोशिश की। एसके पुरी थाने ने उसे गिरफ्तार किया है। बुधवार की सुबह हड़ताली कर्मियों के विरोध के कारण बड़ी गाड़ियों का परिचालन नहीं हो सका। हालंकि, निगम प्रशासन का दावा है कि ऑफिसर्स क्वॉर्टर, राजवंशी नगर व बुद्धा कॉलोनी में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

नूतन राजधानी अंचल: दावा है कि 29 सेक्टरों में डोर टू डोर कचरा का उठाव किया गया। आउटसोर्सिंग एजेंसी के करीब 200 सफाई कर्मियों की ओर से सुबह में कार्य किया गया। रात में मशीनों से कूड़ा उठाव का कार्य हो रहा है। बेली रोड, हार्डिंग रोड, गवर्नर हाउस, सर्पेंटाइन रोड, गांधी मैदान, गर्दनीबाग, अनीसाबाद चौक आदि क्षेत्र में सफाई की गई।

बांकीपुर: बांकीपुर अंचल में करीब 395 सफाई कर्मियों की उपस्थिति का दावा किया गया है। उनकी मदद से डोर टू डोर कचरा उठाव और सफाई का कार्य किया जा रहा है। बुधवार सुबह 54 सेक्टर में डोर टू डोर सेवा उपलब्ध कराई गई। अशोक राजपथ, बारी पथ, राजेंद्र नगर स्टेडियम, नाला रोड आदि क्षेत्र पर फोकस कर विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

अजीमाबाद: निगम प्रशासन का दावा है कि अजीमाबाद अंचल में करीब 70 फीसदी आउटसोर्सिंग स्टाफ की उपस्थिति रही। हड़ताली कर्मी या हड़ताल का समर्थन करने वालों की ओर से विरोध नहीं किया गया। सभी 12 वार्डों में 15 ओपन टीपर, 45 ई-रिक्शा, 10 टाटा 407, 5 बॉब कैट, 8 जेसीबी, 2 रोड जेटिंग, एक वाटर स्प्रिंकलर की मदद से सफाई कराई गई।

पटना सिटी: पटना सिटी अंचल के सभी वार्डों में शत-प्रतिशत आउटसोर्सिंग कर्मी कार्य पर उपस्थित रहे। डोर टू डोर और साफ-सफाई का कार्य सुचारू रूप से पूरा कराया गया। अभी अंचल में 7 जेसीबी, 8 टाटा 407, 7 ओपन टीपर, 37 क्लोज टीपर, एक वाटर स्प्रिंकलर, एक कॉम्पैक्टर और 8 बॉबकैट मशीनों की मदद से सड़कों की डीप क्लीनिंग का कार्य किया जा रहा है। यहां हड़ताल का असर नहीं दिख रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here