उत्तर प्रदेश का माहौल खराब कर रही हैं प्रियंका : स्वतंत्र देव

लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर उत्तर प्रदेश का माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाते हुये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को कहा कि अपना जनाधार खो चुकी कांग्रेस झूठ व भ्रम के सहारे अपनी राजनैतिक रोटियां सेंकने में जुटी है।
सिंह ने कहा कि वाड्रा माहौल बिगाड़ने का काम कर रही है। लेकिन उनके मंसूबे पूरे नही होंगे। भाजपा सरकार लोककल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। जनता का विश्वास भाजपा पर और भी सुदृढ़ हुआ है। प्रदेश में जब कोरोना संकटकाल के समय जनता परेशान थी तब भाजपा कार्यकर्ता जरूरतमंदो तक भोजन, दवा, राशन पहुंचाकर उनकी हर संभव मदद व सहायता कर रहे थे और पूरी कांग्रेस आइसोलेशन में थी। पंचायत चुनाव में भाजपा को जनता का अभूतपूर्व समर्थन मिला और ऐतिहासिक जीत मिली तो कांग्रेस बौखलाहट में झूठे आरोप लगाकर जनता में भ्रम फैलाने की कोशिश में जुटी है ।
उन्होंने कहा कि पाॅलिटिकल टूरिज्म पर निकली प्रियंका वाड्रा की कोई भी जद्दोजहद कांग्रेस को आइसोलेशन से बाहर नहीं निकाल सकती। वाड्रा को लखीमपुर जाने से पहले अपनी उस कार्यकर्ता से मिलना चाहिए था जिसके साथ मथुरा में कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेसियों ने ही बदसलूकी की थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक दमनकारी व अहंकारी सोंच है और देश पर आपातकाल थोपने वाली उस सोच को जनता बार-बार नकार रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए करप्शन को कल्चर बनाने का काम किया । यूपीए सरकार में टू जी, थ्री जी,कॉमन वेल्थ ,कोल घोटाले से लेकर अनगिनत घोटालों की जनक कांग्रेस है। यूपीए शासन का एक दशक आंतकवाद, भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण, परिवारवाद, अपराध तथा देश विरोधी ताकतों के लिए स्वर्णिम काल रहा है। हाल ही में पंजाब की कांग्रेस सरकार ने जिस तरह अपराधियों की पैरोकारी की है, उससे उनके अपराधी संरक्षण व समर्थन के घिनौने मंसूबे एक बार फिर जाहिर हुए है।
सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सरकारों में चुस्त-दुरूस्त लाॅ एण्ड आर्डर से मां, बहिन, बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई, अपराधियों पर लगाम लगी और अपराध के किले ढहा दिये गए। इसके साथ ही भ्रष्टाचार पर जीरो टाॅलरेंस की नीति तथा आंतकवाद के खात्में की दृढ़ इच्छाशक्ति ने देश के माहौल को बदला है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here