रालोद का खतौली में बहुजन उदय अभियान सम्मेलन

राष्ट्रीय लोकदल के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रशांत कन्नौजिया ने कहा कि रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह की पीठ पर बरसाई गई लाठियों का बदला वोट से लेना है। अनुसूचित जाति के लोगों की हत्या का बदला लेना है, किसान आंदोलन में 750 से अधिक किसानों की मौत का बदला लेना है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव नहीं है, बल्कि 2022 में उत्तर प्रदेश को जंगलराज निकालने की लड़ाई है।

रविवार को रालोद की ओर से किसान कृषि फार्म पर बहुजन उदय अभियान सम्मेलन का आयोजन किया गया। कन्नौजिया ने कहा कि किसान बॉर्डर पर बैठा है, उसकी अभी तक मांगें मानी नहीं गई हैं। किसानों ने प्रधानमंत्री को झुका दिया है। किसान, अनुसूचित जाति के लोग और मजदूर आपस में मिल जाएं, तो पूरे भारत के अंदर भाजपा एक पार्षद तो क्या बीडीसी सदस्य भी जितवा नहीं पाएंगे।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को बचाना है, तो पिछड़ों, किसानों और सर्व समाज के लोगों को एक साथ होकर गठबंधन को मजबूत करना होगा। रालोद के प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक चौधरी ने सम्मेलन में आए सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। सम्मेलन को रालोद की महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष संगीता धोरे, पूर्व विधायक मौलाना जमील अहमद, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय अध्यक्ष कमल गौतम, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रमेश काकड़ा, क्षेत्रीय सचिव भूपेंद्र राठी, क्षेत्रीय महासचिव पंकज राठी आदि ने संबोधित किया। अध्यक्षता रालोद जिलाध्यक्ष प्रभात तोमर और संचालन महासचिव धर्मेंद्र तोमर ने किया। मौके पर पूर्व जिपं सदस्य चौधरी ब्रजवीर सिंह, मोनिका चौधरी, सरदार मेजर सिंह आदि मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here