पटना के दीघा थाना क्षेत्र के घुड़दौड़ रोड पर स्थित सुरेन्द्र इंक्लेव अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 503 में शुक्रवार की देर रात झगड़े के दौरान पति ने गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद पत्नी को अधमरा समझकर आरोपित पति खुद पत्नी को उपचार के लिए आईजीआईएमएस ले गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

इस बीच किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस सीधे आईजीआईएमएस पहुंच गई। मृतका की पहचान 30 वर्षीय स्वेता सिंह के रूप में हुई है। दीघा थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि आरोपित पति अभिनेंद्र कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। मामले में युवती के भाई ने पति पर हत्या का केस किया है। मारपीट के पीछे वजह क्या थी, इसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। बताया कि स्वेता सिंह का मायका पोल्सन के पास ही है। अपार्टमेंट में रहने वाले अन्य लोगों से भी पूछताछ की गयी है। 

पुलिस की मानें तो अभिनेन्द्र कुमार टेलीकाम कंपनी में कार्यरत है। छानबीन में पता चला कि दोनों हाल ही में सुरेंद्र इंक्लेव में फ्लैट लिये थे। दोनों के बीच कुछ दिनों से किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। शुक्रवार की रात करीब 10 बजे भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ। मारपीट और चिल्लाने की आवाज पड़ोस में रहने वाले लोगों तक पहुंच गई। लोगों को लगा पारिवारिक विवाद है। कुछ देर बाद सब शांत हो गया। 

रात करीब 11 बजे अभिनेंद्र पत्नी को बेहोशी की हालत में आईजीआईएमएस ले गया। यह देख किसी ने दीघा पुलिस को सूचना दे दी। कुछ देर बाद ही पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। वहां पता चला कि स्वेता को जब अस्पताल लाया गया था तब उसकी मौत हो चुकी थी। उसके शरीर पर कई जगह जख्म के निशान थे। गले पर भी निशान थे। पुलिस मौके पर ही आरोपित पति को गिरफ्तार कर थाने लेकर आई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।