पहाड़ों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है। तापमान गिरने के साथ ही कोहरे छा रहा है। हालांकि, बीते दिनों की तुलना में ठंड का सितम कम हुआ है। लेकिन, दृश्यता में गिरावट आ रही है। बुधवार को स्मॉग और कोहरे की वजह से सफदरजंग में दृश्यता सुबह साढ़े छह बजे 50 मीटर दर्ज की गई। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम के साथ 7.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। आया नगर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लोगों को अच्छी-खासी ठंड का अहसास हुआ। दिन के समय कुछ देर के लिए सूरज के दर्शन हुए, लेकिन शाम ढलने से पहले ही कोहरा छा गया। हवा की गति कम होने से कोहरे के साथ स्मॉग से राहत नहीं मिली। हालांकि, शाम होते ही ठंडी हवाओं ने ठंडक का अहसास कराया। ऐसे में दिन का तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक के साथ 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बृहस्पतिवार को कुछ स्थानों पर सुबह स्मॉग और घने से घना कोहरा रहने की संभावना है। शाम व रात में स्मॉग-धुंध का अनुमान है। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार व शुक्रवार के लिए कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 23 और सात डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
आया नगर रहा सबसे ठंडा
रात के समय ठंड से बचने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा ले रहे हैं। आया नगर में न्यूनतम तापमान अन्य केंद्र के मुताबिक सबसे कम दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, पूसा में 5, नजफगढ़ में 6.3, लोधी रोड में 7 व पालम में 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।