दक्षिण दिल्ली के नेब सराय थाना इलाके में हुए तिहरे हत्याकांड का खुलासा हुआ है। बेटे ने ही माता-पिता व बहन की हत्या की थी। पिता राजेश बेटे को मारता-पीटता था। यहां तक की मोहल्ले में खुलेआम भी सड़क पर उसकी पिटाई करता था। बेटे अर्जुन को लगता था कि घरवाले उसके पीछे पड़े रहते हैं। वह अकेला रहना चाहता था। उसने अपने पिता के फौज वाले चाकू से ही हत्या कर दी। आरोपी एक सप्ताह से हत्या करने की साजिश रच रहा था।

दक्षिण दिल्ली के नेबसराय थाना क्षेत्र के देवली गांव में बुधवार सुबह मूलरूप से महेंद्रगढ़ के खेड़ी निवासी राजेश कुमार (51), पत्नी कोमल (46) व बेटी कविता (23) की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। राजेश को सोते समय मारा गया, जबकि पत्नी व बेटी के विरोध करने के सबूत मिले हैं। राजेश आर्मी से सेवानिवृत्त थे और कॉलेज में पढ़ रही बेटी कविता कराटे में ब्लैक बेल्ट थी। 

अर्जुन ने ही हत्या की साजिश रची थी। उसने पुलिस को बताया कि वह मॉर्निंग वॉक पर गया हुआ था। दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने बताया कि अर्जुन ने पीसीआर कॉल कर घटना की जानकारी दी थी। राजेश पहली मंजिल और कोमल व कविता भूतल पर मृत पड़ी थीं। प्रथमदृष्टया घर में कोई लूट या चोरी नहीं हुई है। अर्जुन के मामा सतीश कुमार ने बताया कि उन्हें घटना के बारे में भांजे ने फोन पर बताया था। राजेश वर्तमान में सुरक्षा अधिकारी के रूप में काम कर रहे थे।  

सेवानिवृत्त सेना अधिकारी राजेश मूलरूप से हरियाणा के महेंद्रगढ़ के गांव खेड़ी के रहने वाले थे। वह 30 साल से देवली गांव में चौपाल के पास रहते थे। राजेश के गले पर चुन्नी लिपटी हुई थी, जबकि कोमल व कविता का शव कंबल से ढका हुआ था। 

राजेश पीएसओ थे
राजेश कुमार सेना में तैनाती के दौरान एनएसजी कमांडो भी रहे हैं। करीब सात साल पहले वह रिटायर्ड हुए थे। फिलहाल सैनिक फार्म में एक उद्योगपति के पीएसओ थे। उनकी बेटी कविता जूडो में ब्लैक बेल्ट है। वह सिविल सर्विस की भी तैयारी कर रही थी। राजेश का बेटा अर्जुन भी राष्ट्रीय स्तर का बाक्सर है।