दिल्ली में 5 फरवरी को होने वाले मतदान को लेकर सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए हैं। इस दिन राष्ट्रीय राजधानी में सरकारी छुट्टी भी घोषित कर दी गई है। यही नहीं डीएमआरसी ने चुनाव के दिन मेट्रो सेवाओं में भी बदलाव की घोषणा की है। दिल्ली में 5 और 8 फरवरी को मेट्रो की सेवाएं सुबह 4 बजे से ही शुरू हो जाएंगी। वोटिंग के दिन यानी 5 फरवरी और काउंटिंग के दिन यानी 8 फरवरी को सभी लाइनों पर दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सुबह 4 बजे से ही उपलब्ध होंगी।
डीएमआरसी की ओर से जारी अपडेट में कहा गया है कि इन दोनों ही दिन सुबह 4 बजे ही मेट्रो ट्रेनें अपने टर्मिनल स्टेशनों से आवाजाही शुरू कर देंगी। ऐसा इसलिए किया गया है ताकि चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारी मेट्रो ट्रेन की सुविधा का लाभ उठा सकें। चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को अपने ड्यूटी स्थल पर जाने में कोई परेशानी ना हो।
इन दोनों ही तारीखों पर सुबह 6:00 बजे तक सभी लाइनों पर 30 मिनट के अंतराल पर मेट्रो ट्रेनें आवाजाही करेंगी। डीएमआरसी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि सुबह 6:00 बजे के बाद पूरे दिन मेट्रो ट्रेन की सेवाएं नियमित और पहले की तरह ही रहेंगी। हालांकि चुनाव ड्यूटी के बाद मतदान कर्मचारियों को ड्यूटी से लौटने के लिए 5 और 6 फरवरी की मध्यरात्रि को अंतिम मेट्रो सेवाओं को बढ़ाया भी जाएगा।
गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार का शोर सोमवार शाम छह बजे थम गया। सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने अंतिम दिन प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी। उन्होंने दिनभर रोड शो, पदयात्राएं और जनसभाओं के जरिए लोगों से वोट मांगे। चुनाव के मद्देनजर दिल्ली भर में अर्धसैनिक बलों की 150 से अधिक कंपनियां तैनात की जाएंगी। वहीं 30 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे।