दिल्ली के सुल्तानपुरी थाना इलाके में एक घर में सिलेंडर से धमाका हो गया। धमाके से मकान का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। एक महिला की हादसे में मौत हो गई। पूरा मामला कृष्ण विहार का बताया जा रहा है।
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, एलपीजी गैस सिलेंडर के फटने से घर का एक हिस्सा नीचे गिर गया। जिसकी वजह से हादसे में एक महिला की मौत हो गई। अन्य महिला को गंभीर हालत में संजय गांधी अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही दो दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हादसे में रजनी (24) की मौत हो गई वहीं 20 साल की रेनू 18 फीसदी जल गई है।
रोहिणी में भी लगी आग
रोहिणी इलाके में कमरे में आग लगने से पांच साल के बच्चे की झुलसकर मौत हो गई। बच्चे को घर में अकेला छोड़कर परिवार वाले शनिवार तड़के छठ घाट पर गए थे। शुरुआती जांच में पता चला कि फ्रिज का कंप्रेशर फटने से घर में आग लगी और बच्चा उसमें झुलस गया। शाहबाद डेरी थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद बच्चे के शव काे परिजनों को सौंप कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
पांच साल के बच्चे की झुलसकर मौत
50 साल के उमेश भगत अपनी पत्नी रामझड़ी देवी व दो बेटी व पांच साल के बेटे श्रीकांत के साथ रोहिणी सेक्टर-27 स्थित तीन मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर रहते थे। उमेश पास ही एक फैक्टरी में काम करते हैं। उमेश भगत ने बताया कि शनिवार तड़के करीब 4:30 बजे वह पत्नी और दो बेटियों के साथ घर से पांच सौ मीटर दूर छठ घाट पर गए थे। इस दौरान बेटा सो रहा था। उसे उठाकर चलने के लिए तैयार किया, लेकिन वह फिर घर में जाकर सो गया।
रिवार वालों ने उसे कमरे में ही छोड़कर नीचे सीढ़ियों के गेट पर ताला लगाकर घाट पर चले गए। कुछ ही देर बाद पड़ोस के बच्चे घाट पर पहुंचे और उनके घर में आग लगने की जानकारी दी। परिवार के सभी सदस्य भागकर घर पहुंचे। तब तक पड़ोसी ताला तोड़कर आग पर काबू करने की कोशिश कर रहे थे। आग पर काबू करने के बाद वह कमरे में गए। उनका बेटा कमरे के कोने में झुलसी हालत में पड़ा था।
पुलिस उसे अंबेडकर अस्पताल लेकर गई। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उमेश ने बताया कि कुछ दिन से उनका फ्रिज खराब था। जो काफी गर्म हो रहा था। उनलोगों ने उसे बंद कर दिया था। लेकिन सामान खराब न हो इसलिए उसे चला दिया था। परिवार का कहना है कि फ्रिज का कंप्रेशर फटा है। धमाके की आवाज पड़ोसियों ने सुनी है। वहीं पुलिस अधिकारी का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।