दिल्ली मेट्रो के जामा मस्जिद स्टेशन पर एग्जिट गेट लांघने का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दर्जनों लोग आटोमेटिक फेयर कलेक्शन गेट फांदकर निकलते हुए दिख रहे हैं। साथ ही स्टेशन पर हंगामा भी कर रहे हैं। लोगों ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं। 

डीएमआरसी ने दिल्ली पुलिस को दी शिकायत
इसके बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि डीएमआरसी ने इस मामले का आवश्यक संज्ञान लिया है। यह कानून और व्यवस्था का उल्लंघन है। यह सुनिश्चित करने के लिए जांच की जा रही है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। डीएमआरसी पहले से ही एफआईआर दर्ज करने के लिए पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर रही है।

https://twitter.com/ANI/status/1890672768020332576?t=-RXZQ11BsC5SGmJ8XvPv5A&s=19

वीडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई
दिल्ली मेट्रो के किसी स्टेशन पर पहली बार इस तरह की घटना सामने आई है। मेट्रो प्रबंधन कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस से बातचीत कर रही है। डीएमआरसी ने अपने बयान में कहा कि कुछ यात्रियों द्वारा बाहर निकलने के लिए एएफसी गेट पर छलांग लगाने का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है।

13 फरवरी की शाम जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर हुई घटना
यह घटना 13 फरवरी की शाम को मजेंटा लाइन पर जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन की है। कुछ देर के लिए यात्रियों की भीड़ अचानक बढ़ गई। इसमें कुछ यात्री बाहर निकलने के लिए एएफसी गेट से कूदकर उसे पार कर गए। ऐसे यात्रियों को सलाह देने के लिए सुरक्षाकर्मी और अन्य कर्मचारी पर्याप्त रूप से मौजूद थे और स्थिति नियंत्रण से बाहर नहीं हुई। घटना एएफसी गेट पर अचानक भीड़ बढ़ने के कारण कुछ यात्रियों की क्षणिक प्रतिक्रिया थी।