चंडीगढ़ में आज से 12 से 14 वर्ष के बच्चों को भी कोरोना वैक्सीन लगनी शुरू हो जाएगी। वैक्सीन का नाम कोर्बेवैक्स है। चंडीगढ़ में 45 हजार बच्चों को यह वैक्सीन लगाई जानी है। केंद्र सरकार ने इस उम्र वर्ग के बच्चों की वैक्सीनेशन का कार्यक्रम देशभर में शुरू किया है।
वही चंडीगढ़ में बुजुर्गों के बाद 18 वर्ष से ऊपर के वयस्कों के लिए बूस्टर डोज का अभियान भी आज से शुरू कर दिया है। प्रशासन ने कहा है कि बूस्टर डोज लगवाने के लिए दूसरी डोज और बूस्टर डोज के बीच 9 महीने (39 सप्ताह) का अंतराल होना बेहद जरूरी है।
चंडीगढ़ प्रशासन के निर्देशानुसार कहा गया है कि जो बच्चे कोरोना वैक्सीन लगवाना चाहते हैं, वह CoWIN ऐप पर और वेबसाइट पर जाकर खुद का रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। प्रशासन के स्वास्थ्य विभाग के पास इस नई वैक्सीन की पर्याप्त डोज पहुंच चुकी है।
यहां केंद्र बनाए हैं वैक्सीनेशन के लिए
12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए कोर्बेवैक्स वैक्सीन पीजीआई, जीएमसीएच 32, जीएमएसएच 16, सेक्टर 22, सेक्टर 45 और मनीमाजरा के सिविल अस्पतालों में, सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर्स, वैक्सीनेशन सेंटर सुखना लेक में लगाई जाएगी। वहीं स्कूलों में यह वैक्सीन लगाए जाने पर जल्द ही फैसला होगा। इसी तरह 15 से 18 वर्ष उम्र के बच्चे भी इन सेंटर्स पर वैक्सीन लगवा सकते हैं।
लक्ष्य हासिल करने के करीब प्रशासन
15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के कुल 72 हजार बच्चों की वैक्सीन का लक्ष्य प्रशासन ने रखा था। 3 जनवरी 2022 से यह अभियान शुरू हुआ था। अभी तक करीब 83 प्रतिशत बच्चों को पहली और 44 प्रतिशत को दोनों डोज लग चुकी हैं। पिछले 2 महीनों से स्कूलों में भी वैक्सीनेशन कैंप लगाए जा रहे हैं।
8,43,000 वयस्कों को भी वैक्सीन लगाने का लक्ष्य प्रशासन ने रखा था। इस लक्ष्य को गत 26 जनवरी को पूरा कर लिया गया था। अभी भी कुछ बच गए वयस्क वैक्सीन लगवाने आ रहे हैं।