डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम एक बार फिर पैरोल पर जेल से बाहर आ गए हैं। रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहे राम रहीम को इस बार 40 दिन की पैरोल मिली है। रिहाई के तुरंत बाद वह पुलिस सुरक्षा के साथ सिरसा स्थित डेरे के लिए रवाना हुए।

यह चौदहवीं बार है जब उन्हें जेल से बाहर रहने की अनुमति मिली है। इससे पहले अप्रैल में उन्हें 21 दिन की फरलो दी गई थी। अब वह 14 सितंबर तक जेल से बाहर रहेंगे और इस अवधि में अपने सिरसा आश्रम में रहना होगा।

91 दिन जेल से बाहर रहेंगे पिछले 4 महीनों में

1 जनवरी से 14 सितंबर तक के चार महीने की अवधि में राम रहीम कुल 91 दिन जेल से बाहर रहेंगे। अप्रैल में जब उन्हें फरलो दी गई थी, तब उन्होंने डेरा सच्चा सौदा के स्थापना दिवस पर कार्यक्रमों में भाग लिया था। इस बार पैरोल के दौरान वह 15 अगस्त को अपना 58वां जन्मदिन मनाएंगे और पूरे महीने विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे।

किस मामले में सजा भुगत रहे हैं राम रहीम

गुरमीत राम रहीम 25 अगस्त 2017 से सुनारिया जेल में बंद हैं। पंचकूला की विशेष सीबीआई अदालत ने उन्हें दो महिला अनुयायियों के यौन शोषण का दोषी पाते हुए 20-20 साल की दो अलग-अलग सजाएं सुनाई थीं। इसके अलावा पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में भी उन्हें सजा मिली है। वर्तमान में वे इन्हीं दोनों मामलों में सजा काट रहे हैं।