गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा सेक्टर-1 में सोमवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब खाली मैदान में बनी करीब 20 से 25 झुग्गियों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने तेजी पकड़ ली और पूरे इलाके में फैल गई।

दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही आग ने झुग्गियों को पूरी तरह चपेट में ले लिया। झोपड़ियों के भीतर रखे छोटे-बड़े गैस सिलेंडर भी एक के बाद एक धमाकों के साथ फटने लगे, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें और पुलिस मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर पास की बस्तियों को खाली कराया गया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर ले जाया गया। फिलहाल दमकल की तीन गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं।

अधिकारियों के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।