हरियाणा सरकार ने आज विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया है। इससे पहले सुबह साढ़े 9.30 बजे बिजनेस एडवाइजरी की कमेटी की मीटिंग है, जिसमें एजेंडे पर चर्चा होगी। इस बैठक में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, संसदीय मंत्री और अन्य सदस्य शामिल होंगे। इसमें निर्धारित किया जाएगा कि विशेष सत्र की अवधि कितने समय तक रहेगी।
सत्र में 11 बजे सरकार पंजाब के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पेश करेगी, क्योंकि पंजाब ने चंडीगढ़ पर अपना हक जताते हुए पंजाब विधानसभा में प्रस्ताव पेश किया था। इसके विरोध में हरियाणा सरकार निंदा प्रस्ताव, एसवाईएल, 400 हिंदी भाषाई गांव हरियाणा में शामिल करने के प्रस्ताव पेश करेगी। विशेष सत्र के बाद सीएम ने 3 बजे कैबिनेट की मीटिंग भी बुलाई है, जिसमें कई महत्वपूर्ण मामलों पर निर्णय लिया जाएगा।
पंजाब और हरियाणा के बीच राजधानी और एसवाईएल का मुद्दा सालों पुराना है। यह विवाद 1966 से ही है, जब पंजाब- हरियाणा का अलग- गठन हुआ। 56 साल में पंजाब ने 7वीं बार इस प्रस्ताव को विधानसभा में पेश किया। 1967,1970,1978,1985,1986, 2014 में भी पंजाब ने प्रस्ताव पास किया, जबकि हरियाणा ने एसवाईएल पर 2000 से लेकर अब तक 5 बार प्रस्ताव पास किया।