गुरुग्राम में राहुल फाजिलपुरिया के मैनेजर के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी शूटर को एनकाउंटर में मार गिराया, जबकि उसका साथी घायल हो गया। दोनों बदमाशों का संबंध दीपक नांदल गैंग से बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे बंधवाड़ी टोल प्लाजा के पास जंगल क्षेत्र में यह मुठभेड़ हुई। पुलिस टीम दोनों आरोपियों को हथियार बरामद कराने के लिए मौके पर लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की।
जवाबी कार्रवाई में दोनों शूटरों को गोली लगी। इनमें गुरुशेर नामक आरोपी की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुठभेड़ के दौरान पुलिसकर्मी नवीन कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को दो दिन पहले पंजाब के तरनतारण से गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि दोनों पंजाब के नौने गांव के रहने वाले हैं।
गौरतलब है कि 2 मई की रात सेक्टर-40 थाना क्षेत्र के कन्हई गांव में राहुल फाजिलपुरिया के मैनेजर सौरभ यादव के घर के बाहर फायरिंग की गई थी। उस दौरान बदमाशों ने चार राउंड गोलियां चलाई थीं। घटना में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही बाल-बाल बच गया था, क्योंकि दो गोलियां उसके हाथ और पैर को छूते हुए निकल गई थीं।
इस मामले में सेक्टर-40 थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की विभिन्न टीमों ने अब तक कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूरे नेटवर्क और गैंग कनेक्शन की भी जांच कर रही है।