जमशेदपुर के एग्रिको इलाके में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे शहर को हिला दिया। एग्रिको क्रॉस रोड नंबर 13 स्थित क्वार्टर नंबर L-13 में एक सेवानिवृत्त टाटा स्टील कर्मचारी पर अपने ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या करने का आरोप है। मृतकों में उनकी पत्नी, बेटा और बेटी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह जब काफी देर तक घर से कोई हलचल नहीं हुई तो पड़ोसियों को शक हुआ। दरवाजा बंद होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब घर का दरवाजा तोड़ा तो अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। घर के अलग-अलग कमरों में तीन लोगों के शव खून से सने हुए पड़े मिले।
मृतकों की पहचान सरिता सिंह (55), पुत्र रवि शंकर सिंह (29) और पुत्री सुप्रिया सिंह (31) के रूप में हुई है। सुप्रिया की शादी हाल ही में नवंबर में हुई थी और वह तीन महीने की गर्भवती थी। बताया जा रहा है कि वह एक दिन पहले ही अपने मायके आई थी।
परिजनों के मुताबिक, रात तक घर का माहौल सामान्य था और मां-बेटी के बीच बातचीत भी हुई थी, लेकिन देर रात किसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खौफनाक वारदात में बदल गया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि तीनों की हत्या किसी भारी वस्तु से वार कर या किसी हथियार से की गई है, क्योंकि शवों पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस घटना को आरोपी ने अकेले अंजाम दिया या इसमें किसी अन्य की भूमिका भी हो सकती है। साथ ही हत्या के पीछे की असली वजह और इस्तेमाल किए गए हथियार का भी पता लगाया जा रहा है।
घटना के बाद एग्रिको इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद मामले का पूरा खुलासा जल्द किया जाएगा।