सोनीपत के कुंडली में रोडवेज कर्मचारी की हत्या के विरोध में गुरुवार को पूरे प्रदेश में बसों के पहिये जाम रहे। 2000 से अधिक बसें नहीं चली, इससे परिवहन विभाग को लगभग तीन करोड़ का नुकसान हुआ। परिवहन मंत्री मूल चंद शर्मा के साथ हुई हरियाणा रोडवेज कर्मचारी साझा मोर्चा की वार्ता विफल रहने के कारण शुक्रवार रात 12 बजे तक रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल जारी रहेगी।
साझा मोर्चा मृतक कर्मचारी के परिवार के एक आश्रित को नौकरी, पत्नी को 58 की आयु तक पूरा वेतन और 50 लाख का मुआवजा देने की मांग कर रहा है। गुरुवार शाम को मंत्री के साथ कर्मचारी नेताओं की बैठक हुई। दो दौर की वार्ता में मांगों पर सहमति नहीं बनी। वार्ता के दौरान किसी मांग पर सहमति नहीं बनी।
मोर्चा 50 लाख मुआवजे व मृतक की पत्नी को 58 साल तक पूरा वेतन देने पर अड़ा रहा, जिस पर मंत्री और परिवहन विभाग के अधिकारियों ने सहमति नहीं जताई।
मोर्चा अपनी मांगों पर अड़ा हुआ है। शुक्रवार को मांगों पर सहमति न बनने पर हड़ताल आगे बढ़ सकती है। इससे प्रतिदिन राजस्व नुकसान बढ़ सकता है। रोडवेज की रोजाना अभी लगभग 2700 बसें सड़कों पर दौड़ रही हैं। मूल चंद ने कहा कि जल्द समस्या का समाधान हो जाएगा। सरकार ने अपना कर्मचारी खोया है। किसी को बख्शेंगे नहीं।