जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को मौसम के बदले मिजाज ने तपिश से राहत दी। इस दौरान कश्मीर के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी भी हुई। इसकी वजह से घाटी में एक फिर से ठंडक का अहसास हो रहा है। यहां अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से 7 से 11 डिग्री तक गिर गया है।

जम्मू संभाग में भी बारिश ने गर्मी से राह दी है। खराब मौसम और तेज हवा के कारण कटड़ा-सांझीछत चाॅपर सेवा प्रभावित रही। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने बुधवार को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 21 अप्रैल तक मौसम के बिगड़े रहने के आसार हैं।

कुपवाड़ा, बारामुला, गांदरबल, बांदीपोरा, जोजीला, सोनमर्ग, माच्छिल सेक्टर, फरकियां टॉप, राजदान पास, मीनमर्ग आदि पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हुई है। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर समेत कश्मीर के अन्य हिस्सों में रुक रुक कर बारिश जारी रही। श्रीनगर में दिन का तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री गिरकर 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहलगाम में दिन का तापमान सामान्य से 9.4 डिग्री सेल्सियस गिरकर 8.8 और गुलमर्ग में सामान्य से 4.7 डिग्री गिरकर 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जम्मू में मंगलवार की शुरुआत बादलों की गड़गड़ाहट के साथ हुई। दिन चढ़ने के साथ कई बार बारिश हुई। शाम को मौसम साफ हो गया था। यहां दिन का तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री गिरकर 32.5 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

बनिहाल में दिन का तापमान सामान्य से 8.8 डिग्री गिरकर 14.0, बटोत में सामान्य से 6.5 डिग्री गिरकर 16.1, कटड़ा में सामान्य से 1.6 डिग्री गिरकर 28.6 और भद्रवाह में सामान्य से 6.7 डिग्री गिरकर 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में दिन का पारा 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कठुआ जिला में बारिश से तापमान में गिरावट आई है। राजोरी और पुंछ जिला में सुबह बारिश के बाद मौसम साफ रहा। उधमपुर में भी बारिश हुई। किश्तवाड़ में बारिश के साथ पहाड़ों पर बर्फबारी हुई है। सांबा जिला में सुबह के समय बारिश हुई।