केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को बडगाम में टीवी अभिनेत्री अमरीन भट्ट के परिवार से मुलाकात की और अपनी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उपराज्यपाल अमरीन के भतीजे से भी मिले और उसका हालचाल जाना। साथ ही उन्होंने अमरीन के परिवार को नकद अनुग्रह राशि भी प्रदान की।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि अमरीन एक मजबूत इरादों वाली महिला थीं और अपने परिवार के लिए रोशनी की किरण थी। उसके अदम्य जज्बे को हम हमेशा याद रखा जाएगा। आगे उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर अमरीन के परिजनों को सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी।25 मई, बुधवार रात करीब आठ बजे मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के चाडूरा में आतंकवादियों ने कश्मीरी टीवी कलाकार अमरीन भट की घर के बाहर गोलीमार कर हत्या कर दी थी। गोलीबारी में उसका भतीजा भी घायल हो गया था। भतीजे को सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जो अब घर लौट आया है। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षाबलों ने पड़ताल शुरू कर दी थी।
26 मई, गुरुवार को सुरक्षाबलों ने पुलवामा के अवंतीपोरा में दो आतंकियों को मार गिराया था। जम्मू-कश्मीर पुलिस के आईजी विजय कुमार ने बताया था कि अवंतीपोरा में मारे गए आतंकी अमरीन भट्ट की हत्या में शामिल थे। दोनों की पहचान शाहिद मुश्ताक भट निवासी बडगाम और फरहान हबीब निवासी हकरीपोरा पुलवामा के रूप में की गई थी। उन्होंने लश्कर के कमांडर लतीफ के निर्देश पर टीवी कलाकार की हत्या की थी।