मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान देर रात अचानक प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और संगठन महामंत्री हितानंद के साथ करीब डेढ़ घंटे बैठक की। रात 11 बजे तक चली बैठक में महाकोशल, मध्य भारत और मालवा प्रांत में सह संगठन मंत्रियों की नियुक्ति को लेकर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री की बुधवार शाम को राज्यपाल मंगुभाई पटेल से हुई मुलाकात के मद्देनजर मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री बुधवार को सुबह ही भाजपा के स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे थे। उनका देर रात यहां पहुंचने का कोई पूर्व निर्धारित कार्यक्रम नहीं था। वे गुरुवार को कटनी में होने वाले बिजली बिल माफी कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे।

यहां पहले से राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और संगठन महामंत्री हितानंद मौजूद थे। इन चारों के बीच डेढ़ घंटे बैठक हुई। सूत्रों का कहना है कि बैठक में सह संगठन मंत्रियों की नियुक्ति को लेकर पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं के नाम पर विचार किया गया। मंत्रिमंडल में विस्तार पर भी चर्चा की गई। हालांकि, इसे अंतिम रूप नहीं दिया गया है।