मध्यप्रदेश की सियासत में कोरोना की एंट्री हो चुकी है। दिग्विजय सिंह के खुद को BJP-RSS के लिए कोरोना बताने पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि BJP के पास वायरस की वैक्सीन है, आप चिंता नहीं करो। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिग्विजय और कमलनाथ को कोरोना से ज्यादा नुकसानदेह बताया।
दिग्विजय ने बयान प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट पर पलटवार करते हुए बुधवार को इंदौर में दिया था। सिलावट ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने दिग्विजय सिंह को कांग्रेस का कोरोना बताते हुए कहा था कि कोरोना की उत्पत्ति चीन से हुई है, इसलिए सिंह को भी चीन में ही जन्म लेना चाहिए था।
गृहमंत्री बोले- दिग्विजय सिंह हानिकारक हैं
भोपाल में मीडिया से बातचीत के दौरान गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, इतना तो तय हो गया है कि दिग्विजय सिंह हानिकारक हैं। पहले लोग बोलते थे कि कोरोना का वायरस चीन से आया, कुछ ने कहा कि यह वायरस ISI से आया है। इन्होंने खुद को कोरोना साबित कर दिया। भाजपा ने वो वैक्सीन बनाई है, जिससे कोरोना का वायरस लगभग मृतप्राय हो जाता है। वैक्सीन भी हम लोगों के पास है, आप चिंता नहीं करो।
मानहानि में दिग्विजय पर आरोप तय, मिश्रा बोले…
राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के खिलाफ मानहानि केस में भोपाल की एमपी-एमएलए कोर्ट में आरोप तय हो गए हैं। इसे लेकर गृहमंत्री ने कहा- गुरु – चेला (राहुल गांधी और दिग्विजय) दोनों की स्थिति एक जैसी है। जब एक ही तरह की धारा है, तो वहां की अदालत (सूरत) ने जो निर्णय लिया है, तो यहां की अदालत भी ले, ऐसी मेरी निजी राय है।
बता दें, BJP प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने दिग्विजय के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कर रखा है। शर्मा के वकील सचिन वर्मा ने बताया कि आरोप सिद्ध होने पर अधिकतम 2 साल की सजा दिग्विजय सिंह को हो सकती है। 2 साल की सजा होने पर राज्यसभा सदस्यता रद्द हो सकती है। 6 साल तक चुनाव लड़ने पर पाबंदी भी लग सकती है। राहुल गांधी को भी इसी धारा में सूरत कोर्ट ने सजा सुनाई थी, इसके बाद उनकी संसद सदस्यता चली गई।
लेफ्ट से भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, सिद्धार्थ मलैया और गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा। सभी आज भोपाल में भाजपा कार्यालय पहुंचे थे। यहां पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया के बेटे सिद्धार्थ ने आज दोबारा BJP जॉइन की।
CM शिवराज बोले- दिग्विजय ने अपनी तुलना ठीक की
BJP प्रदेश कार्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, यह आश्चर्य की बात है कि दिग्विजय सिंह को तुलना करने के लिए कोरोना वायरस ही मिला। उन्होंने अपनी तुलना ठीक की है। कोरोना वायरस ने जितना नुकसान नहीं पहुंचाया था, उससे कहीं ज्यादा नुकसान प्रदेश को दिग्विजय सिंह और कमलनाथ ने पहुंचाया। जिस कोरोना की बात दिग्विजय सिंह कर रहे हैं, उसी कोरोना को कमलनाथ ने जनता के भरोसे छोड़ दिया था। वायरस ने हाहाकार मचाया, कई लोगों की जिंदगी चली गई। अर्थव्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक नहीं, दो-दो वैक्सीन ने कोरोना से मुकाबला किया।
सिलावट ने कहा था- दिग्विजय को चीन में जन्म लेना था
प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने 21 अप्रैल को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने दिग्विजय सिंह को कांग्रेस का कोरोना बताते हुए कहा था कि कोरोना की उत्पत्ति चीन से हुई है, इसलिए सिंह को भी चीन में ही जन्म लेना चाहिए था। सिलावट ने यह बयान तब दिया था, जब उज्जैन पहुंचे दिग्विजय सिंह ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेकर कहा था- हे महाकाल, कांग्रेस में दूसरा सिंधिया पैदा न हो। इसी के बाद से सिंधिया समर्थक मंत्रियों ने दिग्विजय सिंह पर जुबानी हमले के साथ ट्विटर पर हमले बोले थे।
दिग्विजय बोले- हां भाजपा-संघ के लिए मैं कोरोना वायरस हूं
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मंत्री तुलसी सिलावट के कोरोना वाले बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा- हां, मैं भाजपा और संघ के लिए कोरोना वायरस ही हूं। तुलसी सिलावट क्या थे, ये इंदौर के लोग जानते हैं।