मध्य प्रदेश में राजनीति पार्टियों का विधानसभा चुनाव 2023 से पहले आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया है। सोमवार को ओबीसी सम्मेलन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि आरक्षण की लड़ाई हमने लड़ी। वहीं, मंत्री भूपेन्द्र सिंह बोले कांग्रेस ने सिर्फ राजनीति की और वोट के लिए भ्रमित करने का काम किया।

कांग्रेस के ओबीसी सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस ने आरक्षण की लड़ाई लड़ी। सरकार विधानसभा में जवाब तक नहीं दे पाई। अब हमारा संगठन पिछड़ा वर्ग कैसे मजबूत होगा इस पर ध्यान देगा। कमलनाथ ने कहा कि छोटी छोटी जातियों पर ध्यान देना होगा। इंदिरा गांधी, सोनिया गांधी, राहुल गांधी सभी का एक संकल्प ओबीसी को 27% आरक्षण दिलाना है।

कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश बुंदेलखंड मालवा सभी स्थानों पर केमिस्ट्री अलग-अलग है। आपको इनका गणित समझना होगा और बिठाना होगा। आज हमारी संस्कृति के विरुद्ध काम हो रहा है। इसे जोड़ने के लिए काम करना होगा। एक झंडे के नीचे हम सब खड़े हैं यही हमारी संस्कृति है। हमारा संविधान गलत हाथों में नहीं जाना चाहिए। बीजेपी आज धर्म तो कल जाति के आधार पर राजनीति करेगी। यह हमें समझना होगा।

कमलनाथ ने कहा कि बीजेपी पुलिस पैसा, प्रशासन का दुरुपयोग कर रही है। 16 से 17 महीने और बचे है। प्रशासन से एक-एक का हिसाब दिया जाएगा। आप चिंता मत कीजिए। कमलनाथ ने खरगोन मामले में ध्यान मोड़ने का प्रयास बीजेपी कर रही है। आने वाले महीनों में बीजेपी यहीं करेगी कि कैसे जनता का ध्यान हटाया जाए। डायरी लेकर लोगों के बीच जाएं।

कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन अजय सिंह ने कहा कि आरक्षण के नाम पर बीजेपी ओबीसी वर्ग से धोखा किया है। हमेशा से बीजेपी आरक्षण विरोधी रही है। कांग्रेस की मांग है कि जातिगत आरक्षण के साथ आर्थिक स्थिति के आधार पर भी आरक्षण का लाभ दिया जाए। प्राइवेट सेक्टर में भी आरक्षण का प्रावधान हो। उन्होंने कहा कि ओबीसी वर्ग की आर्मी में भी रेजीमेंट बनाई जाए।  

वहीं, नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कांग्रेस के सम्मेलन पर कहा कि कांग्रेस सिर्फ वोट पाने के लिए लोगों को भ्रमित करने का काम करती है। कांग्रेस ने एसटी, एससी, ओबीसी और मुस्लिमों के नाम पर सिर्फ राजनीति की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कोशिश होती है किसी तरह से समाज को बांटकर राज करो। उन्होंने सवाल किया कि जब तक कांग्रेस की सरकार देश और प्रदेश में रही है, ओबीसी के लिए क्या किया?